
जोधपुर.
प्रतापनगर थाना पुलिस ने हुड़को क्वार्टर स्थित दुकान के एक काउंटर पर रखा महिला का पर्स चोरी करने के मामले में शुक्रवार को दो युवकों को गिरफ्तार किया। इनसे चोरी का पर्स व कीमती मोबाइल बरामद किया गया।
सहायक पुलिस आयुक्त (प्रतापनगर) नीरज शर्मा ने बताया कि शांतिनाथ नगर निवासी सुशीला पत्नी गौतम जैन गत २५ अगस्त को हुड़को क्वार्टर में अपने मामा की दुकान अरिहंत शॉपी गई थी। उसने अपना पर्स दुकान के काउंटर पर रख दिया, जहां से किसी ने पर्स चुरा लिया। पर्स में एप्पल आइ-फोन, लाइसेंस व दो-तीन हजार रुपए थे। पर्स चोरी होने का पता लगने पर महिला ने पुलिस में शिकायत दी। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को संजय सी कॉलोनी में छीपा नाडी निवासी सलमान खान उर्फ सोनू (२१) पुत्र मोहम्मद साकिर और सिवांची गेट में बुटानियों का बास निवासी मूलियों की चौकी निवासी अलाद्दीन (२३) पुत्र यासीन खां को गिरफ्तार किया। इनकी निशानदेही से चोरी का पर्स, कीमती मोबाइल व वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। सलमान के खिलाफ चोरी के दो मामले पहले से दर्ज हैं।
चोरी की बाइक जब्त, एक गिरफ्तार
प्रतापनगर थाना पुलिस ने गत दिनों आखलिया चौराहे पर पेट्रोल पंप के पास से मोटरसाइकिल चुराने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि खेमे का कुआं निवासी ईश्वरसिंह की मोटरसाइकिल गत २३ अगस्त को पेट्रोल पंप के पास से चोरी हो गई थी। इस मामले में बापू कॉलोनी में नाडी मोहल्ला निवासी शाहरूख पुत्र संजू को गिरफ्तार किया गया। उससे बाइक भी बरामद की गई।जबकि जेईएसएस लाईब्रेरी प्रतापनगर के व्यवस्थापक भरत आसेरी ने पुलिस को बताया कि 26 अगस्त की रात्रि को अज्ञात व्यक्ति ने समाज की लाईब्रेरी के ताले तोडकऱ वहां लगे कम्प्यूटर सेटए डोगल व इन्टवरर्टर व अन्य सामान चुराकर ले गए। बताया जाता है कि पुलिस ने उक्त सामान सहित एक लोडिंग टैक्सी को गुरूवार को पकड़ा था। मगर नकबजन का पता नहीं लगा। लोडिंग टैक्सी चालक से पड़ताल की जा रही है।