जोधपुर

अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार दो भाइयों को कुचला, मौत

- टक्क्र मारकर वाहन भगा ले गया चालक- दुकान से गांव लौट रहे थे मृतक भाई, बाइपास पर निर्माणाधीन सड़क पर सांकेतक न होने से हादसा
less than 1 minute read
Nov 19, 2023
अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार दो भाइयों को कुचला, मौत
अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार दो भाइयों को कुचला, मौत

जोधपुर।
डांगियावास थानान्तर्गत जालेली चम्पावतान गांव में झालामण्ड बाइपास पर निर्माणाधीन सड़क पर तेज रफ्तार व लापरवाही से आए अज्ञात वाहन की चपेट से बाइक सवार मिठाई दुकान संचालक दो भाइयों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया।
पुलिस के अनुसार बिसलपुर निवासी हड़मानराम पुत्र बाबूराम जाट और उसके भाई विष्णु व गोविंद की जोधपुर में मिठाई दुकान है। दुकान मंगल करने के बाद तीनों भाई दो बाइक पर गांव जाने के लिए रवाना हुए। विष्णु व गोविंद एक बाइक पर थे और विष्णु बाइक चला रहा था। पीछे मुकेश और हड़मान एक अन्य बाइक पर थे। जो मुकेश चला रहा था।
जालेली चम्पावतान गांव में झालामण्ड बाइपास पर एक होटल के सामने पहुंचे तो सामने से गलत दिशा में आए अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार व लापरवाही से चलाकर विष्णु की बाइक को टक्कर मार दी। जिससे विष्णु व उसका भाई गोविंद नीचे गिर गए और वाहन उन्हें कुचलकर भाग गया। पीछे आ रहे मुकेश व हड़मान ने गंभीर घायल दोनों भाइयों को संभाला और मथुरादास माथुर अस्पताल ले गए, जहां विष्णु पुत्र बाबूराम जाट व भाई गोविंद की मौत हो गई।
शव मोर्चरी में रखवा दिए गए। पुलिस मौके पर और फिर मोर्चरी पहुंची। मृतक भाइयों के भाई हड़मानराम ने अज्ञात चार पहिया वाहन चालक के खिलाफ एफआइआर दर्ज करवाई। कार्रवाई के बाद दोनों शव परिजन को सौंपे गए।
निर्माणाधीन सड़क पर न सांकेतक न रिफ्लेक्टर
दुर्घटनास्थल पर सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। सड़क बनाने वाली कम्पनी की ओर से मौके पर सुरक्षा संबंधी कोई उपाय नहीं किए गए थे। मौके पर न तो कोई सांकेतक लगा रखे हैं और न ही कोई रिफ्लेक्टर लगे हुए हैं। जिसकी वजह से हादसा हुआ।

Updated on:
19 Nov 2023 11:35 pm
Published on:
19 Nov 2023 11:35 pm