
जोधपुर.
उदयमंदिर थानान्तर्गत कमला नेहरू महिला महाविद्यालय (केएन कॉलेज) के बाहर एक छात्रा से जबरन मिलने को लेकर हंगामा हो गया। लोगों ने युवक को पकडक़र पुलिस के हवाले किया। जिसे शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। थानाधिकारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि शाम को केएन कॉलेज में परीक्षा देने बाद छात्राएं बाहर आईं। इस दौरान गोकुलजी की प्याऊ के पास ऋषिकेश नगर निवासी एक युवक भी वहां पहुंच गया और एक छात्रा से जबरन मिलने का प्रयास करने लगा। जबकि छात्रा उससे मिलना नहीं चाहती थी। इसको लेकर वहां विवाद हो गया। छात्राओं को लेने आए कुछ अभिभावकों ने विरोध किया और युवक को पकड़ लिया। युवक भी विरोध करने लगा। जिसको लेकर हंगामा खड़ा हो गया। पुलिस मौके पर आई और युवक को पकडक़र थाने ले गई। जिसे शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस का कहना है कि पांच-छह माह पहले युवक इसी छात्रा को भगा ले गया था। फिर दोनों ने शादी भी कर ली। कुछ समय बाद छात्रा ने उसे छोड़ दिया और अपने घर जाकर रह रही है।