
जोधपुर. कोरोना कभी भी धावा बोल सकता है। इस लिहाज से केंद्र सरकार की ओर से पीएम केयर फंड मार्फत भेजे गए वेंटिलेटर एमडीएम अस्पताल में खामियों से घिरे पड़े हैं। गत तीन-चार माह पहले अस्पताल में आए वेंटिलेटर में कई प्रकार की शिकायतें है। कई वेंटिलेटर चले नहीं तो कई इंस्टॉल नहीं हो पाए। इसके अलावा कुछेक वेंटिलेटर मैकेनिक के इंतजार में शुरू होने का इंतजार कर रहे है।
दरअसल, एमडीएम अस्पताल में कोविड के लिहाज से वेंटिलेटर केंद्र सरकार से भेजे गए थे। जानकारी अनुसार इन वेंटिलेटर की क्वालिटी भी अच्छी नहीं है। अस्पताल के स्टाफ खुद इन वेंटिलेटर को लेकर शिकायतें कर रहे हैं। स्टाफ के अनुसार 80 में से आधे से ज्यादा की क्वालिटी तक अच्छी नहीं है। एमडीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ. महेन्द्र कुमार आसेरी ने बताया कि कई वेंटिलेटर अब तक इंस्टॉल नहीं हुए हैं। इसको अपग्रेड करना पड़ता है। इसके लिए अब यूपीएस भी आ गए हैं। इसकी प्रक्रिया चल रही है। काम में लेंगे तो अपनेआप क्वालिटी का पता लग जाएगा। फिलहाल काम भी नहीं आ रहे हैं। कुछ चले नहीं है, जिन्हें अपग्रेड किया जाएगा। संबंधित फर्म को वापस टीम भेजने को कहा है। कुछ वार्ड में हमने आइसीयू बैड रखवाए है, ऐसे में उन्हें वेंटिलेटर भी दे देंगे। ये वहां काम आ जाएंगे।