
निजी क्लिनिक में कथित चिकित्सक की ओर से इलाज व जांच के बहाने युवती से छेड़छाड़ व इज्जत से खिलवाड़ करने का मामला सामने आया है। इसके दो वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए तो शहरवासी सकते में आ गए। यह वीडियो चौपासनी रोड पर शॉपिंग मॉल के सामने स्थित क्लिनिक के बताए जाते हैं। शिवसेना की शिकायत पर देर शाम पुलिस स्टेशन प्रतापनगर में कथित चिकित्सक के खिलाफ परिवाद दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर शुक्रवार को दो वीडियो वायरल हुए। यू-ट्यूब के साथ ही व्हॉट्सएप पर वीडियो वायरल हो गए। इनमें एक कथित चिकित्सक किसी युवती को क्लिनिक के अंदर बने चैम्बर में जांच के बहाने ले गया और पलंग पर लेटा कर छेड़छाड़ करने लगा। तीन-तीन मिनट से अधिक समयावधि वाले दोनों वीडियो में कथित चिकित्सक युवती से जबरदस्ती करता रहा।
सूत्रों के अनुसार यह वीडियो न्यू कोहिनूर के सामने स्थित निजी क्लिनिक के बताए जाते हैं। वीडियो वायरल होने के बाद शिव सेना के पदाधिकारी व कार्यकर्ता सक्रिय हो गए। शिवसेना के जिला प्रमुख सम्पत पूनिया व अन्य कार्यकर्ता देर शाम प्रतापनगर थाने पहुंचे और कथित चिकित्सक के खिलाफ लिखित शिकायत दी। पुलिस ने परिवाद दर्ज कर जांच शुरू की है। महिला आयोग की सदस्य सुमन पोरवाल भी प्रतापनगर थाने पहुंची व मामले की जानकारी ली।
कथित चिकित्सक गायब
उधर, वीडियो वायरल होने के बाद क्लिनिक के बाहर भीड़ जमा हो गई। चिकित्सक वहां से नदारद हो गए। काफी देर तक मरीज उसका इंतजार करते रहे। भीड़ का पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
कई महीने पुराने वीडियो, ब्लैकमेलिंग का अंदेशा
सूत्रों की मानें तो यह वीडियो बनाने में क्लिनिक के ही किसी नर्सिंग कर्मचारी की भूमिका रही है, जो छह-सात माह पूर्व बनाए गए थे। आशंका है कि कथित चिकित्सक को ब्लैकमेल करने के लिए वीडियो बनाए गए थे, लेकिन फिर दोनों वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए गए। दोनों वीडियो में युवती एक ही होने का अंदेशा है।
पीडि़ता सामने आए तो हो कार्रवाई
'वीडियो वायरल होने के बाद शिवसेना की तरफ से परिवाद दर्ज किया गया है। वीडियो व आरोपों की जांच की जाएगी। छेड़छाड़ व दुष्कर्म के मामलों में पीडि़ता या उसके परिजन का सामने आना आवश्यक है। इनके आने पर कार्रवाई की जाएगी। पीडि़ता की सहमति रही या जबरदस्ती की गई, इसकी जांच के बाद कार्रवाई होगी।
-स्वाति शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त (प्रतापनगर)।
करवाता हंू पता
चिकित्सक के छेड़छाड़ संबंधित वीडियो वायरल होने की मुझे जानकारी नहीं है। इस बारे में पता करवाता हूं। डॉ. एसएस चौधरी, सीएमएचओ, जोधपुर