जोधपुर

जोधपुर में फिर सामने आया ट्रिपल तलाक केस, शादी के 8 साल बाद पति बोला, तुम पसंद नहीं, देता हूं तलाक

मथानिया थाने में जांच शुरु  
2 min read
• •
Updated: 24 Sep 2017, 6:46 PM IST
triple talaq case in Jodhpur
triple talaq case in Jodhpur

जोधपुर के तिंवरी कस्बे में तीन तलाक का मामला सामने आया है। शादी के 8 वर्ष बाद पति ने अपनी पत्नी से मोबाइल पर तीन बार तलाक-तलाक-तलाक बोलकर तलाक दे दिया। पीडि़ता ने मथानिया थाने में पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने फिलहाल रपट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

पुलिस के अनुसार तिंवरी निवासी अफसाना की शादी वर्ष 2008 में मथानियां निवासी आमीन ऊर्फ मुन्ना के साथ हुई थी। शादी के बाद उनके दो बच्चे हुए। इसके बाद आमीन अपनी पत्नी अफसाना को दहेज के लिए परेशान करने लगा। वर्ष 2015 से दोनों में नहीं बन रही है। इसके बाद अफसाना अपने पड़ोसियों की मदद से जैसे-तैसे कर अपने पीहर तिंवरी पहुंची। पिछले दो सालों वो अपने पीहर तिंवरी में ही रह रही है। उसके दोनों बच्चे ससुराल में पति के पास ही हैं। अभी 18 सितम्बर को आमीन ने अफसाना को फोन कर बताया कि वो उसे पसंद नहीं है और वो उसे तलाक देकर दूसरी शादी कर रहा है। आमीन ने फोन पर तीन बार तलाक बोलकर फोन काट दिया। विवाहिता ने अंदेशा जताया की इसके तीसरे दिन बाद 20 सितम्बर को आमीन ने दूसरी शादी कर ली। आमीन की दूसरी शादी की जानकारी मिलने पर रविवार को अफसाना मथानियां थाने पहुंची और न्याय की गुहार लगाई।

गौरतलब है कि तीन तलाक पर सुप्रीम कोर्ट की ओर से रोक लगाई है। बावजूद इसके अब भी ऐसे केसेज सामने आ रहे हैं। तीन तलाक को लेकर लम्बे समय तक देशभर में रोष का माहौल रहा था, जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट में मामला पहुंचा और इस पर रोक लगी। मुस्लिम महिलाओं ने इस आदेश पर काफी खुशी जाहिर की थी। वहीं मुस्लिम कट्टरपंथियों ने इस निर्णय को लेकर नाखुशी भी जाहिर की थी। आपको बता दें कि दुनिया के कई मुस्लिम देशों ने तीन तलाक जैसी प्रथा को खत्म कर दिया है। भारत में भी इसे खत्म करने के लिए लगातार मांग उठ रही थी।

Published on: