
जोधपुर के पीपाड़ थाना क्षेत्र के बिनावास के निकट सोमवार रात को एक वॉल्वो बस सड़क पर खड़े ट्रेलर में पीछे से घुस गई। हादसे में बस सवार 8 यात्री घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार हादसा करीब रात 10.30 बजे हुआ। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इससे पहले ही घायलों को निजी वाहनों से जोधपुर लाया गया। घायलों का उपचार जारी है। हादसे में बस क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस ने दोनों वाहन सड़क के किनारे करवाए हैं।
दो दिन में दो सड़क हादसे
रविवार और फिर सोमवार, शहर में लगातार दो दिनों से सड़क हादसे हो रहे हैं। शहर के समीप करवड़ और नौ मील के बीच रविवार दोपहर में एक नम्बर रूट की सिटी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में सवार निफ्ट कॉलेज के करीब आठ विद्यार्थी सहित दस जने घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए मंडोर सैटेलाइट अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें मथुरादास माथुर अस्पताल में रैफर कर दिया गया।
पुलिस व प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जोधपुर के एक नम्बर रूट की सिटी बस दोपहर करीब डेढ़ बजे करवड़ से शहर की ओर आ रही थी। कॉलेज की बस निकल जाने के कारण निफ्ट कॉलेज के आठ छात्र-छात्राएं इसमें सवार हो गए। करवड़ मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बन रहे नाले में धंसकर पलट गई। सिटी बस में बैठे निफ्ट कॉलेज के आठ विद्यार्थी हैं और दो अन्य यात्री घायल हो गए। पुलिस ने सिटी बस जब्त कर ली। चालक मौके से फरार हो गया।
ये हुए घायल
हादसे में अर्पित, आदित्य, रिया, आदिती, नमन, प्रणय पारीक, वैभव सहित दस जने घायल हो गए। घायलों का उपचार मथुरादास माथुर अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में इलाज किया जा रहा है। एक बारगी अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। घायलों के परिजन रोते हुए यहां पहुंचे। बच्चों को सलामत देख सबने राहत की सांस ली।