
भोपालगढ़ (जोधपुर). राजकीय माध्यमिक विद्यालय कजनाऊ खुर्द में शिक्षकों व कर्मचारियों की कमी एवं लम्बे समय से की जा रही मांग के बावजूद रिक्त पद नहीं भरने से गुस्साए विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों द्वारा मिलकर गत बुधवार से शुरू की गई तालाबंदी एवं विरोध प्रदर्शन शनिवार को लगातार चौथे दिन भी जारी रहा।
साथ ही करीब दर्जन भर ग्रामीणों द्वारा की जा रही भूख हड़ताल भी शनिवार को दूसरे दिन जारी रही। इनमें से दो लोगों की तबियत भी नासाज हुई है। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर चिकित्साकर्मियों की व्यवस्था पर ग्लूकोज चढ़वाया।
भूख हड़ताल पर बैठे दो ग्रामीणों की तबियत बिगड़ऩे के बावजूद यहां किसी भी अधिकारी या जनप्रतिनिधि ने यहां पहुंचकर इनकी सुध नहीं ली। जिससेग्रामीणों का गुस्सा भी बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने यह चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इस विद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई, तो सोमवार से गांव के ग्रामीण आमरण अनशन पर बैठेंगे।
स्थानीय युवा सामाजिक कार्यकर्ता विजय चौधरी व अर्जुनराम खदाव ने बताया कि क्षेत्र के कजनाऊ खुर्द स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक के साथ ही हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, संस्कृत के वरिष्ठ अध्यापकों के साथ ही लिपिक एवं दो चपरासियों के पद लम्बे समय से रिक्त चल रहे हैं।
इस विद्यालय को क्रमोन्नत करने के बाद 13 पद स्वीकृत हुए है, लेकिन शिक्षक तीन ही लगाए गए। कई बार विभागीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से भी मांग की गई, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। इस बात से आक्रोशित विद्यालय के विद्यार्थियों व गांव के दर्जनों ग्रामवासियों ने मिलकर गत बुधवार को सुबह स्कूल के गेट पर ताला जड़ दिया था।
बुधवार को धरने के पहले दिन ही स्थानीय पंचायत शिक्षा अधिकारी एवं बावड़ी ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने यहां पहुंचकर ग्रामीणों को अगले दिन ही 3-4 अस्थाई शिक्षक लगाने का आश्वासन दिया था, लेकिन बावजूद इसके अभी तक एक भी शिक्षक इस विद्यालय में नहीं पहुंचा है। ऐसे में अधिकारियों की इस वादाखिलाफी के खिलाफ शुक्रवार से गांव के करीब दर्जन भर लोगों ने यहां भूख हड़ताल शुरू कर दी है और शनिवार को उनकी भूख हड़ताल लगातार दूसरे दिन भी जारी रही।