जोधपुर

मोटरसाइकिल रोकने पर चालक ने कमाण्डो पर पिस्तौल तानी

- हरियाणा के कैथल में जानलेवा हमला करके भागा युवक गिरफ्तार - एक पिस्तौल, चार जिन्दा सहित पांच कारतूस जब्त, दो युवक पैदल भागे
2 min read
Dec 06, 2018
wanted accused thet police from pistol to
मोटरसाइकिल रोकने पर चालक ने कमाण्डो पर पिस्तौल तानी


जोधपुर.
विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार-प्रसार थमने के कुछ ही देर बाद बुधवार देर शाम रातानाडा थानान्तर्गत वेस्ट पटेल नगर रोड पर मोटरसाइकिल सवार युवक ने क्यूआरटी के कमाण्डो पर पिस्तौल तान दी। कमाण्डो ने उसे पकड़ लिया, लेकिन दो अन्य युवक पैदल ही भाग निकले। रातानाडा थाना पुलिस जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) डॉ अमनदीप सिंह कपूर ने बताया कि चुनाव को लेकर शाम को नाकाबंदी चल रही थी। क्यूआरटी के हथियारबंद जवान देर शाम गणेश मंदिर मोड़ व वेस्ट पटेल नगर रोड पर जांच कर रहे थे। तभी सर्किट हाउस की तरफ से अजमेर नम्बर की मोटरसाइकिल पर तीन युवक आए। संदिग्ध नजर आने पर कमाण्डो ने उन्हें रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रफ्तार तेज कर ली और तेजी से भागने लगे। इस पर कमाण्डो ने बाइक का पीछा शुरू किया। यह देख बाइक पर सवार दो युवक नीचे उतरकर पैदल ही भाग निकले। जबकि उप निरीक्षक कमाण्डो दिनेश ने हरियाणा के कैथल जिले में गुना थानान्तर्गत खुशदान निवासी जगरूप सिंह पुत्र साहब सिंह जट सिख को पकड़ लिया।
इतने में आरोपी ने जेब से देशी पिस्तौल निकाली और उप निरीक्षक पर तान दिया, लेकिन पुलिस ने उसे काबू कर देशी पिस्तौल कब्जे कर ली। उसके पास तीन जिन्दा कारतूस व खाली कारतूस बरामद हुआ। बाद में पुलिस मौके पर आई और जगरूप को पकडक़र थाने ले गई। थानाधिकारी दलपत सिंह ने बताया कि जानलेवा हमला व आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जगरूप सिंह को गिरफ्तार किया है। मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पैदल ही भाग निकले दो बदमाश
चुनाव को लेकर पुलिस की शहर ही नहीं जिलेभर में सघन नाकाबंदी चल रही है। इसके बावजूद कमाण्डो के पीछा करने पर मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश पैदल ही भाग निकले। पुलिस ने पीछा भी किया, लेकिन दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं लगा। इनकी पहचान हरियाणा में कैथल जिले के गुहाना में जागरपुर निवासी दीपक कुमार पुत्र ज्ञानचंद और तिलवासनी गांव निवासी राजू विश्नोई के रूप में हुई है।
पुलिस से बचने के लिए आए थे जोधपुर
आईपीएस अधिकारी व सहायक पुलिस आयुक्त (पूर्व) सुधीर चौधरी ने बताया कि आरोपी जगरूप सिंह हरियाणा के कैथल जिले में एक व्यक्ति पर जानलेवा हमले में वांछित है। हमले के बाद वो दीपक के साथ नेपाल भाग गया था। फिर राजू विश्नोई से मित्रता के चलते फरारी काटने व पुलिस से बचने के लिए जोधपुर आ गए थे।

Published on:
06 Dec 2018 12:30 am