जोधपुर

अब नए मंत्री से है जोधपुर की प्यास बुझाने की आस, 30-40 क्यूसेक पानी बढ़े तो जल संकट को किया जा सकता है दूर

अब नई सरकार के गठन में नए जलदाय मंत्री से जोधपुर को उम्मीद है।
2 min read
water supply in jodhpur
water scarcity in jodhpur, water problem in jodhpur, phed jodhpur, water supply in jodhpur, jodhpur news, jodhpur news in hindi

अमित दवे/जोधपुर. नई सरकार का गठन होते ही जोधपुर को सबसे पहले आस प्यास बुझाने की रहेगी। हर 15 दिन में होने वाले पेयजल शटडाउन का बड़ा कारण जोधपुर जिले को मिलने वाला 30 क्यूसेक कम पानी है। पानी की मात्रा बढ़ाने के लिए पिछली सरकार में अधिकारियों ने कई प्रयास किए। लेकिन वह कामयाब नहीं हुए। अब नई सरकार के गठन में नए जलदाय मंत्री से जोधपुर को उम्मीद है।

जोधपुर शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले लम्बे समय से कम पानी की सप्लाई की जा रही है। राजीव गांधी लिफ्ट केनाल प्रोजेक्ट से करीब 12 सौ गांवों को जोडऩे के साथ ही जोधपुर शहर की पेयजल आपूर्ति गड़बड़ा गई है। लगातार कई माह तक नए-नए क्षेत्र जुडऩे से जिले को मिलने वाला 240 क्यूसेक पानी कम पडऩे लगा। 2018 की गर्मियों में जो नहर की सफाई के लिए क्लोजर लिया गया उसके बाद से ही हालात नहीं सुधरे। मई माह से लगातार एक माह में दो बार शटडाउन लेने की नौबत आ गई है। 14 दिसम्बर को एक बार फिर पूरे शहर में पानी नहीं आएगा। 14 को होने वाली सप्लाई 15 को और 15 को होने वाली सप्लाई 16 दिसम्बर को होगी। यदि नई सरकार के नए मंत्री प्रयास करेंगे तो पंजाब सरकार से मिलने वाले पानी में बढ़ोतरी हो सकती है। अन्यथा अगली गर्मी तक यह शटडाउन इसी प्रकार चलने की आशंका है।

फैक्ट फाइल
- 240 क्यूसेक वर्तमान में मिल रहा जोधपुर जिले को पानी
- 270-280 क्यूसेक पानी की आवश्यकता है जोधपुर जिले को
- 350 क्यूसेक है पूरे प्रोजेक्ट के अनुसार जोधपुर जिले की मांग
- 15 दिन में एक बार लेना पड़ रहा है पेयजल शटडाउन

यह है जलस्रोतों की स्थिति
शहर में पेयजल सप्लाई करने वाले प्रमुख जलस्रोत कायलाना और तखतसागर की स्थिति को आदर्श बनाने व यहां करीब 20 दिन का पानी स्टोर करने के लिए यह शटडाउन लिए जा रहे हैं। गुरुवार को कायलाना का गेट 50 फीट, जबकि तखतसागर का गेज 40 फीट के करीब था। गर्मियों में सबसे बड़ा शट डाउन प्रस्तावित है। इसमें करीब 70 दिन तक नहर से पानी की सप्लाई नहीं होगी। पेयजल सप्लाई करीब 15-20 दिनों तक बाधित रहने के आसार है। ऐसे में न्यूनतम 20 दिन का पानी इन जलाशयों में रखने की मजबूरी है।

इनका कहना...

नए-नए क्षेत्र व गांव जुड़ते जा रहे हैं ऐसे में हमे पानी की और आवश्यकता है। करीब 30 क्यूसेक पानी बढ़ाने की मांग को लेकर कई बार प्रस्ताव बना कर भेजे हैं। नई सरकार से आस रहेगी कि ये प्रस्ताव जल्द पूरे हो।


- जयसिंह चौधरी, मुख्य अभियंता(अतिरिक्त प्रभार), केनाल प्रोजेक्ट जोधपुर

Published on:
14 Dec 2018 11:11 am