
पानी केवल जरूरत नहीं, जीवन का आधार है। जब यही आधार कमजोर पड़ने लगता है तो संकट केवल इंसानों तक सीमित नहीं रहता, उसकी मार जीव-जगत पर भी पड़ती है। पश्चिमी राजस्थान में पानी की लगातार बिगड़ती स्थिति के कारण इंसान पानी के लिए परेशान है, पशुधन चारे और पानी के अभाव में बेहाल है और बेजुबान जीव अपनी प्यास बुझाने के लिए जोखिम भरे रास्तों पर निकलने को मजबूर हैं।
जैसलमेर के लाठी क्षेत्र में पानी की तलाश में तालाब के दलदल में फंसकर दो गोवंश की मृत्यु इस संकट की हृदयविदारक तस्वीर है। यह केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि हमारे सामने खड़ा एक गंभीर सवाल है कि जब हम अपने पशुधन को पानी तक उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं, तो हमारी व्यवस्था और संवेदनशीलता आखिर किस काम की है? मारवाड़ की धरती पशुधन के लिए हमेशा से प्रसिद्ध रही है। यहां गांवों में पेयजल की उपलब्धता को लेकर लोग परेशान हैं।
पशुओं के लिए अलग से पानी की व्यवस्था करना भी चुनौती बनता जा रहा है। समय रहते जल संरक्षण, जल स्रोतों के पुनर्जीवन और पानी की उपलब्धता के ठोस इंतजाम नहीं किए गए तो गर्मियों में इंसानों के साथ-साथ पशुधन की मुश्किलें भी बढ़ जाएंगी। सरकार, प्रशासन, स्थानीय निकाय और समाज- सभी को इस दिशा में तत्काल गंभीरता दिखानी होगी। गांवों के तालाबों व परंपरागत जल स्रोतों को सुरक्षित और पुनर्जीवित करना होगा। जहां पानी उपलब्ध है, वहां पशुओं के लिए सुरक्षित पहुंच और पानी पीने की व्यवस्था होनी चाहिए।
दलदल और गहरे जल स्रोतों के आसपास सुरक्षा के उपाय किए जाएं। जल संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाना होगा। दो गोवंश की मौत हमें झकझोरने के लिए पर्याप्त है। यह घटना बताती है कि पानी का संकट अब भविष्य की आशंका नहीं, वर्तमान की पीड़ा है। पानी की तलाश जब किसी जीव को मौत तक खींच ले जाए, तो यह केवल प्राकृतिक संकट नहीं रह जाता, यह सामूहिक जिम्मेदारी का प्रश्न बन जाता है।
sandeep.purohit@in.patrika.com