
जोधपुर. पश्चिमी विक्षोभ के असर से थार के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचारी तंत्र के कारण रविवार को दोपहर बाद मारवाड़ के कई हिस्सों में हल्की से लेकर तेज बरसात हुई। तेज हवा और बादलों की गर्जना के साथ कुछ स्थानों पर जमकर पानी बरसा। जैसलमेर में 17.1 मिलीमीटर बरसात से कई जगह पानी भर गया। ऐसा लग रहा था मानो मानसून की बरसात चल रही है। बाड़मेर में 3.4 मिमी बरसात मापी गई। जोधपुर में तेज हवा के साथ बौछारें गिरी। करीब 15 मिनट तक एक रस पानी बरसा। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी बादलों की हल्की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान एक और ताजा पश्चिमी विक्षोभ देश के उत्तरी हिस्से से टकराएगा, जिसके कारण 26 मार्च तक प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही के साथ बरसात और ओलावृष्टि होने की संभावना है। इस पूरे सप्ताह बादलों का मौसम रहेगा।
शाम को मिली तपिश से राहत
सूर्यनगरी में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। आसमान में बादलों की हल्की आवाजाही के साथ धूप निकली हुई थी। धूप तेज होने से दिन में तपिश बनी रही। दोपहर में पारा उछलकर 36.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। शाम को बादलों की घनी आवाजाही शुरू हो गई। शाम 6 बजे देखते-देखते घने काले बादलों के साथ तेज हवाएं चलने लगी। कुछ ही देर में हवा के साथ बौछारें गिरी। करीब 15 मिनट तक अच्छी खासी बरसात हुई। इससे शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया। शहर में बरसात का स्तर अलग-अलग था। एयरपोर्ट क्षेत्र में कम बरसात हुई जबकि चौपासनी हाउसिंग बोर्ड इलाके में अच्छे खासे बादल बरसे। देर रात तक रुक रुक कर बारिश का सिलसिला बना रहा।