
जोधपुर. प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ दिन में सर्दी से कुछ राहत रही। जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर के कई इलाकों में दिन में पारा 25 डिग्री के पार चला गया। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से सोमवार से अगले 3 दिन तक पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कुछ क्षेत्रों में छींटे भी गिर सकते हैं।
सूर्यनगरी में रविवार को न्यूनतम तापमान शनिवार के मुकाबले करीब डेढ़ डिग्री लुढक़ कर 9.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह सर्दी थी। घर से बाहर निकलने वाले लोगों को सर्दी से बचने की व्यवस्था करके निकलने पड़ा। दिन चढऩे के साथ सर्दी का असर कम होता गया। धूप तीखी होने से वातावरण में ठंडक कम होने लगी। दोपहर तक तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। दिन भर सर्दी से अच्छी खासी राहत रही। सूरज के ढलने के साथ ही सर्दी का असर फिर से बढऩे लगा। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम रहा।
जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 9 और अधिकतम 24.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया, वहीं बाड़मेर में रात का पारा 9.6 और दिन का 26.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। जयपुर में पारा 9, बीकानेर में 9.7, अजमेर में 8, चूरू में 6.5 और श्रीगंगानगर में 6 डिग्री रहा।