जोधपुर

Weather: मैदानी भागों में चली बर्फीली हवाएं

Weather
less than 1 minute read
Weather: मैदानी भागों में चली बर्फीली हवाएं
,,Weather: मैदानी भागों में चली बर्फीली हवाएं

जोधपुर. पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद उत्तरी बर्फीली हवाएं बहने से प्रदेश में सर्दी का असर बढ़ गया। ठंडी हवाओं के कारण रात का पारा 15 डिग्री के पास आ गया। दिन में भी तापमान 30 डिग्री के नीचे रिकॉर्ड किया गया। पहली बार दिन में हल्की सर्दी का एहसास हुआ। Waether मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में उतार चढ़ाव बना रहेगा।

सूर्यनगरी में बीती रात से ही ठंडी हवाएं बहने से तापमान तीन डिग्री से अधिक लुढ़ककर 15.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। तापमान में गिरावट और ठंडी हवा के झोंकों से सुबह-सुबह सर्दी का एहसास रहा। सैर सपाटे पर निकलने वाले लोगों को सर्दी महसूस हुई। कई लोग मोटे कपड़े पहनकर निकले। दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों में सर्दी का असर अधिक देखा गया। दिन चढ़ने के बाद भी मौसम में ठंडक घुली रही। दिन में धूप निकलने के बावजूद अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री से अधिक नहीं गया। जोधपुर में यह इस सीजन की सबसे ठंडी रात और ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया। शाम ढलने के बाद वातावरण में फिर से ठंडक घुलनी शुरू हो गई।

वातावरण में 90 फ़ीसदी नमी
तापमान में गिरावट आने के साथ वातावरण में नमी भी अधिक रही। पश्चिमी विक्षोभ के जाने के बाद शहर में 90 फ़ीसदी नमी रिकॉर्ड की गई। इससे भी सर्दी अधिक महसूस की गई।

अन्य हिस्सों में भी पारा लुढ़का
जोधपुर के अलावा मारवाड़ के अन्य हिस्सों में भी दिन और रात के तापमान में गिरावट आई। फलोदी में न्यूनतम तापमान 15.4, जैसलमेर में 15.3, बाड़मेर में 15.4, सिरोही में 11.1, जालोर में 15.7 डिग्री मापा गया।

Published on:
11 Nov 2023 07:14 pm