
Jodhpur Weather Update : राजस्थान में मौसम में हो रहे बदलाव के बीच पश्चिमी विक्षोभ का असर भी चर्चा में है। पश्चिमी राजस्थान में फिलहाल बारिश से राहत के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार मानसून का कोई नया सिस्टम सक्रिय नहीं होने के कारण अगले 10 दिनों तक संभाग में अच्छी बारिश की संभावना कम है। हालांकि एक सप्ताह बाद पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मानसून फिर सक्रिय हो सकता है और अगस्त के अंतिम सप्ताह में पश्चिमी राजस्थान में भी बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना जताई गई है।
शनिवार को जोधपुर में दिनभर सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी का दौर चलता रहा। सुबह हवा में 80 प्रतिशत से अधिक नमी रहने से हल्की उमस महसूस हुई, लेकिन दक्षिण-पश्चिमी हवा चलने से मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा। दोपहर में कई बार तेज धूप निकली, जबकि बीच-बीच में बादलों ने राहत भी दी।
जोधपुर शहर का न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। वहीं अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के पास रहा। दोपहर में उमस का असर बना रहा, हालांकि तेज हवा चलने से लोगों को कुछ राहत मिली। शाम ढलने के बाद मौसम सामान्य होने लगा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक पश्चिमी राजस्थान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, लेकिन व्यापक बारिश की संभावना कम है। तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव और उमस का असर बना रह सकता है।
मौसम विभाग की शाम 5 बजे जारी भविष्यवाणी के अनुसार तीन घंटे में बारिश का सात जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 14 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। जयपुर, कोटपूतली-बहरोड़, अलवर, दौसा, भरतपुर, सवाई माधोपुर एवं करौली जिलों तथा आस-पास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र मेघगर्जन के साथ अचानक तेज हवाएं 40-50 किमी/घंटा तथा हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
वहीं चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, ब्यावर, अजमेर, टोंक, बूंदी, कोटा, झालावाड़, बारां, सीकर, झुंझुनू, खैरथल-तिजारा, डीग एवं धौलपुर जिलों तथा आस-पास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम मेघगर्जन के साथ अचानक तेज हवाएं 30-40 किमी/घंटा तथा हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
जल संसाधन विभाग ने राजस्थान में जिलेवार बारिश की स्थिति की जारी की है। जारी आंकड़ों के अनुसार 8 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश तो 20 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई। उधर 13 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई। बाड़मेर, ब्यावर, बीकानेर, डीग, डीडवाना-कुचामन, झुंझुनूं, फलौदी और सलूंबर में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई।
अजमेर, अलवर, बालोतरा, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, चूरू, धौलपुर, गंगानगर, हनुमानगढ़, जयपुर, झालावाड़, जोधपुर, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, नौगार, प्रतापगढ़ और सीकर में सामान्य बारिश दर्ज की गई। उधर, बांसवाड़ा, बूंदी, दौसा, डूंगरपुर, जैसलमेर, जालौर, करौली, पाली, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सिरोही, टोंक व उदयपुर में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई।