
जोधपुर/लोहावट. उपखंड क्षेत्र के विष्णुनगर के डाबर गांव स्थित रावों का बेरा में शनिवार सुबह हनुमान मंदिर में चल रहे हवन के दौरान एक पेड़ पर बैठी मधुमक्खियों ने लोगों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से महिलाओं सहित करीब 15 लोग घायल हो गए, जिन्हें लोहावट स्थित राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र और निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
ग्रामीण धर्माराम ढाका ने बताया कि डाबर के रावों का बेरा स्थित हनुमान मंदिर में रात्रि को जागरण था। सुबह मंदिर परिसर में हवन चल रहा था। इस दौरान मंदिर परिसर के पास स्थित पेड़ पर बैठी मधुमक्खियों ने हवन में बैठे लोगों पर अचानक हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से 15 लोग घायल हो गए, जिन्हें निजी वाहनों से लोहावट लाया गया। लोहावट सीएचसी पर डॉ.कमलकिशोर विश्नोई एवं निजी अस्पताल में डॉ.प्रदीप विश्नोई ने उनका उपचार किया। वहीं मधुमक्खियों के काटने से लोगों के शरीर पर सूजन भी आ गई। संभवत हवन के दौरान हुए धुएं से मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि पेड़ पर मधुमक्खियों के 5-6 बड़े-बड़े छत्ते बने हुए है।
अफरा-तफरी का रहा माहौल
डाबर के रावों का बेरा में हनुमान मंदिर में हवन के दौरान अचानक मधुमक्खियों के के हमला करने से एक बार वहां पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग इधर-उधर भागने तथा कुछ ने लोगों ने वहां पर पड़े बिस्तर, रजाई आदि ओढ़कर मधुमक्खियों से बचने का प्रयास किया, लेकिन मधुमक्खियोंं ने उनको काट लिया।
ये हुए घायल
मधुमक्खियों के काटने से बाबूराम पुत्र आसूराम, जगदीश पुत्र जीवराज ढाका, मंगनाराम पुत्र हरजीराम, हजारीराम पुत्र पन्नाराम ढाका, गोपीलाल पुत्र हरजीराम, अशोक पुत्र तेजाराम, धर्माराम पुत्र करनाराम, रामसोहन पुत्र किसनाराम, भागीरथराम पुत्र बाबूलाल सहित कुल 15 लोग घायल हो गए। (निसं)