जोधपुर

ये कैसा तंत्र, अलग-अलग जाजम पर बांट दिया गण को

-स्कूल में जाति के आधार पर बिछाई जाजम
2 min read
Jan 28, 2019
what-kind-of-mechanism-is-distributed-to-different-groups
ये कैसा तंत्र, अलग-अलग जाजम पर बांट दिया गण को

ये कैसा तंत्र, अलग-अलग जाजम पर बांट दिया गण को

-पंचायत समिति लूणी की ग्राम पंचायत मोड़ी जोशीयां के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बानियावास स्कूल का मामला
-वीडियो हुआ वायरल

- शिक्षा विभाग लेगा स्थानीय पीईईओ से रिपोर्ट

धुंधाड़ा/जोधपुर.़
गणतंत्र दिवस पर एक तरफ धर्म, संप्रदाय व जातिगत भेदभाव मिटाकर लोकतंत्र को मजबूत करने की बातें की गई, वहीं दूसरी तरफ जोधपुर जिले के एक गांव की स्कूल में जाति के नाम पर भेदभाव का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पंचायत समिति लूणी की ग्राम पंचायत मोड़ी जोशीयां के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बानियावास में 26 जनवरी को आयोजित हुए गणतंत्र दिवस समारोह में स्वर्ण एवं दलित ग्रामीणों के लिए अलग-अलग जाजम बिछाई गई। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल होने के बाद दलित समाज में रोष व्याप्त हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्कूल में गणतंत्र दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा था। उस समय स्कूल में कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। यहां ग्रामीणों के बैठने की व्यवस्था जातिगत आधार पर नजर आई। स्वर्ण जाति को अलग व्यवस्था करके बैठाया गया, वही दलित जाति के लिए अलग प्रकार की दरी बिछाई गई। इसी दौरान किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। उसके बाद दलित समाज ने प्रशासन से स्कूल पर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि राष्ट्रीय पर्व पर इस तरह की भेदभाव पूर्ण व्यवस्था करना दलितों के साथ अन्याय है।

हमने तो एक ही जाजम बिछाई
विद्यालय प्रशासन की ओर से सभी के लिए एक ही जाजम बिछाई गई थी। जाजम को किसने अलग-अलग किया, इसकी मुझे जानकारी नहीं है।

- शोभा बिश्नोई, प्रधानाध्यापिका

भेदभाव करना गलत
मैं 26 जनवरी को इस विद्यालय में नहीं थी। फि र भी अगर इस तरह का भेदभाव किया गया है तो वह गलत है।

-सरोज कंवर, सरपंच मोड़ी जोशियां

दलितों के साथ अन्याय

26 जनवरी को विद्यालय में अलग-अलग जाजम बिछाई गई, जो दलितों के साथ अन्याय है।
- सोहनलाल मेघवाल, ग्रामीण

Published on:
28 Jan 2019 04:00 am