जोधपुर

बैग लूटकर भाग रहे युवक को पकड़ा तो चाकू दिखाकर भागा

- पुलिस लाइन रोड पर वारदात- लोगों के पीछा करने व सिर्फ कागजात होने पर बैग सडक़ किनारे फेंका
less than 1 minute read
Jan 15, 2020
बैग लूटकर भाग रहे युवक को पकड़ा तो चाकू दिखाकर भागा
बैग लूटकर भाग रहे युवक को पकड़ा तो चाकू दिखाकर भागा

जोधपुर.
रातानाडा में पुलिस लाइन के पास मोटरसाइकिल पर रखा बैग लेकर भागने वाले को चालक ने पकड़ा तो लुटेरे ने चाकू से डरा-धमकाकर बैग लूट लिया। युवक के चिल्लाने पर वहां मौजूद लोगों के पीछा करने से लुटेरा बैग फेंककर भाग निकला। रातानाडा थाने में नामजद मामला दर्ज कराया गया।

पुलिस के अनुसार मूलत: नागौर में निंबी जोधा हाल प्रतापनगर निवासी अब्दुल जब्बार पुत्र मांगीलाल लखारा शाम चार बजे मोटरसाइकिल पर पुलिस लाइन रोड से निकल रहा था। लाइन के पास कॉल आने पर मोटरसाइकिल खड़ी कर वह बात करने लगा। इतने में भूरा जैकेट पहने एक युवक आया और बाइक के पीछे रखा बैग उठाकर ले जाने लगा, लेकिन अब्दुल जब्बार ने उसे पकड़ लिया और बैग छुड़ाने का प्रयास करने लगा। इतने में लुटेरे ने चाकू निकाला और उसे डरा-धमकाकर बैग लूटकर भाग गया। उसके चिल्लाने पर आस-पास के लोगों ने पीछा किया। तब कुछ दूरी पर वह बैग को फेंककर भाग गया। बैग में सिर्फ कागजात ही थे।
इतने में दो-तीन पुलिसकर्मी भी वहां आ गए। उन्होंने लुटेरे का नाम सांसी बस्ती निवासी सूरज उर्फ टैम्पो बताया। जो प्रतिदिन छीना-झपट्टी करता है। पीडि़त ने उसके खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई। फिलहाल आरोपी पकड़ में नहीं आया है।

Published on:
15 Jan 2020 11:54 pm