जोधपुर

मां अपने पुत्र को ले गई तो पिता ने साले का अपहरण किया

- मारपीट कर अनहोनी की थी आशंका, पुलिस ने नाकाबंदी कर युवक को छुड़ाया, 12 गिरफ्तार
less than 1 minute read
Aug 25, 2021
मां अपने पुत्र को ले गई तो पिता ने साले का अपहरण किया
मां अपने पुत्र को ले गई तो पिता ने साले का अपहरण किया

जोधपुर.
जिले के झंवर थानान्तर्गत खुडाला गांव में पारिवारिक रंजिश के चलते एक दर्जन व्यक्तियों ने मंगलवार को एक युवक का अपहरण कर लिया। अनहोनी की आशंका पर पुलिस ने नाकाबंदी कराई और तलाश के बाद युवक को छुड़ाकर तीन महिलाओं सहित बारह जनों को गिरफ्तार किया।

सहायक पुलिस आयुक्त (बोरानाडा) मांगीलाल ने बताया कि खुडाला निवासी सुमन पुत्री कालूराम सांसी की शादी दस बारह साल पहले रातानाडा सांसी कॉलोनी निवासी तेजाराम से हुई थी। दोनों के पुत्र जगदीश (10) है। आपसी विवाद के चलते दोनों जने आपसी सहमति से अलग हो चुके हैं। पुत्र जगदीश अपने पिता के पास था। जिसे उसकी मां सुमन सांसी बस्ती से लेकर अपने पीहर खुडाला आ गई थी। इसका पता लगने पर बालक का पिता तेजाराम साथियों के साथ खुडाला पहुंचा और अपने साले रामूराम के घर हमला बोल दिया। आरोपियों ने मारपीट की और रामूराम का गाड़ी में अपहरण कर भाग गए। इसका पता लगने पर पुलिस ने नाकाबंदी कराई। परिजन ने रामूराम के साथ अनहोनी घटित होने की आशंका जताई। नाकाबंदी के दौरान बोरानाडा थाने की पुलिस व चेतक ने अपहकर्ताओं की गाड़ी पकड़ ली। उसमें सवार रामूराम को सकुशल छुड़ा लिया।

पुलिस ने तेजाराम, कालूराम, सनी, विनोद, हुकमाराम, दिलीप, करण, राजू, साधुराम, मोहनलाल व तीन महिलाओं के खिलाफ अपहरण व मारपीट का मामला दर्ज किया। साथ ही तीनों महिलाओं सहित बारह जनों को गिरफ्तार किया।

Published on:
25 Aug 2021 01:54 am