
जोधपुर/ओसियां.
जोधपुर ग्रामीण जिले के ओसियां थानान्तर्गत एकलखोरी गांव में घर जंवाई न बनने से नाराज पत्नी ने इकलौते पुत्र और पुत्र के दोस्त के साथ मिलकर लाठी-सरियों से पीट-पीटकर पति की हत्या कर दी। घर से आधा किमी दूर ग्रेवल रोड के किनारे टूटे हाथ-पांव और गर्दन पर गंभीर चोट लगा शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने जांच व तलाश के बाद रात तीनों को गिरफ्तार किया। (Murdered by wife and son)
वृत्ताधिकारी (ओसियां) मदनलाल रॉयल ने बताया कि एकलखोरी में शिवनगर समराथल नगर निवासी शैतानाराम (38) पुत्र मंगनाराम बिश्नोई पर सुबह चार-पांच बजे घर में पत्नी इमरतीदेवी उर्फ अलमा, पुत्र मनीष व बेटे के दोस्त कैलाश खींचड़ ने लाठी-सरियों से हमला कर दिया था। उसके हाथ व पांव टूट गए थे। गर्दन पर गंभीर चोट आने पर उसे अधमरा छोड़ तीनों चले गए थे। घायल हालत में मृतक घर से निकलकर आधा किमी दूर ग्रेवल रोड के किनारे तक पहुंचा और वहीं गिर गया। अस्पताल न ले जा पाने से उसकी मौत हो गई। वह खेती करता था।
उजाला होने पर ग्रामीणों ने उसका शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। थानाधिकारी राजूराम काला सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। परिजन भी वहां आए। जांच के बाद शव मोर्चरी भिजवाया गया। कार्रवाई के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया।
मौके से फरार मृतक के इकलौते पुत्र मनीष मनीष व उसके मित्र कैलाश को हिरासत में लिया गया। शाम को पत्नी इमरती देवी को भी पकड़ लिया गया। पूछताछ के बाद एकलखोरी निवासी मनीष पुत्र शैतानाराम बिश्नोई, मां इमरतीदेवी उर्फ अलमा व कैलाश पुत्र पूनाराम खींचड़ को गिरफ्तार किया गया।
साढ़े तीन साल से बेटे-बेटी संग पीहर में पत्नी
थानाधिकारी राजूराम काला ने बताया कि मृतक शैतानाराम का एकलखोरी में ही ससुराल है। पत्नी के भाई नहीं है। वह पति को घर जंवाई बनाकर पीहर में रखना चाहती थी, लेकिन पति राजी नहीं था। इसी विवाद में पत्नी साढ़े तीन साल से पुत्र मनीष (21) व पुत्री मनीषा (18) के साथ पीहर में रह रही है।
अल-सुबह हत्या कर शव बाहर फेंका
पुलिस का कहना है कि मृतक शैतानाराम रात को कमरे में सोया था। सुबह चार-पांच ब जे तीनों आरोपी वहां आए और शैतानाराम पर लाठी व सरियों से हमला कर दिया। दोनों हाथ व पांव भी तोड़कर तीनों चले गए थे। गर्दन में गंभीर चोट से उसकी मौत हो गई।