जोधपुर

प्रेम प्रसंग के चलते पति को शिकंजी में जहर मिलाकर की थी हत्या, कब्रिस्तान से शव निकाल जांच में हुई पुष्टि

एफएसएल व पोस्टमार्टम करने वाले बोर्ड से जहर से मृत्यु की पुष्टि
less than 1 minute read
Elderly death, murder charges
Elderly death, murder charges

जोधपुर. नागौरी गेट थाना पुलिस ने प्रेम प्रसंग के चलते शिकंजी में जहर मिलाकर पति की हत्या करने की आरोपी पत्नी को चूरू में सुजानगढ़ स्थित पीहर से गिरफ्तार किया। जमीन में गाड़े शव की एफएसएल जांच व मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम में जहर से मौत की पुष्टि हुई थी। थानाधिकारी लूणसिंह के अनुसार प्रकरण में मूलत: कागा रोड पर कागड़ी में गरीब नवाब मस्जिद के पास हाल सुजानगढ़ स्थित पीहर निवासी सोना बानो (32) पत्नी मोहम्मद साबिर को गिरफ्तार किया गया है। उसे सोमवार को कोर्ट में पेश कर रिमाण्ड लिया जाएगा। हत्याकाण्ड में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में जांच की जा रही है।

प्रेम प्रसंग में रास्ते से हटाने के लिए हत्या

पुलिस का कहना है कि आरोपी सोना बानो के जोधपुर में ही एक युवक से प्रेम संबंध हैं। ऐसे में पति मोहम्मद साबिर को रास्ते से हटाने के लिए उसने गत 31 मई को जहर मिलाकर पति को शिकंजी पिलाई थी। जिससे उसकी मृत्यु हो गई थी। बगैर पुलिस को सूचना दिए शव खेतानाडी स्थित कब्रिस्तान में गाड़ दिया गया था। इस बीच, मृतक की मां को पुत्रवधू पर अंदेशा हुआ। उसने कोर्ट में पेश इस्तगासे के आधार पर गत 10 जुलाई को हत्या का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने एसडीएम की मौजूदगी में शव बाहर निकलवाया था और महात्मा गांधी अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया था। साथ ही विसरा की एफएसएल जांच कराई थी। दोनों रिपोर्ट में मोहम्मद साबिर की मौत जहर से होने की पुष्टि हुई थी। जांच के लिए पुलिस सोना बानो को पीहर से पकडकऱ जोधपुर लाई, जहां पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार किया। जिस पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

Published on:
24 Dec 2018 01:07 pm