जोधपुर

पश्चिमी विक्षोभ का दिखा असर : तेज हवा चलने से मौसम में घुली ठंडक

पश्चिमी विक्षोभ के असर से बुधवार को जोधपुर सहित आसपास के इलाकों में करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवा के कारण मौसम में ठंडक घुल गई। हवा के साथ बादलों की आवाजाही के बीच कई जगह बूंदाबांदी भी हुई।
2 min read
Rajasthan Weather Update
mp winter season 2020 arrives in october months

जोधपुर. पश्चिमी विक्षोभ के असर से बुधवार को जोधपुर सहित आसपास के इलाकों में करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवा के कारण मौसम में ठंडक घुल गई। हवा के साथ बादलों की आवाजाही के बीच कई जगह बूंदाबांदी भी हुई। इसके साथ ही सर्दी ने यू-टर्न ले लिया और लोगों को सुबह शाम हलके गरम कपड़ों का इस्तेमाल करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भी बादलों की हल्की आवाजाही के साथ हवा चलेगी। सूर्य नगरी में बुधवार को न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही के साथ हवा बहती रही। दिन चढऩे के साथ बादलों का जमघट और हवा की रफ्तार भी बढ़ती रही। दोपहर होते-होते 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के साथ धूल उडऩे लगी। इससे तापमान भी गिकर दोपहर तक 27 डिग्री रह गया। बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 18.8 और अधिकतम 26.6 डिग्री मापा गया, वहीं जैसलमेर में रात का पारा 14.8 दिन और दिन का 25 डिग्री रहा।

खराबे का जायजा लेने कृषि आयुक्त ओलावृष्टि प्रभावित खेतों में पहुंचे
कृषि विभाग के आयुक्त डॉ. ओमप्रकाश होली के दिन जिले के किसानों का दु:ख-दर्द जानने ओलावृष्टि प्रभावित खेतों में पहुंचे। उन्होंने पीडि़त किसानों से मिलकर उन्हें भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में सरकार किसानों के साथ है। डॉ. ओमप्रकाश ने लोहावट एवं फलोदी क्षेत्र के गांवों का दौरा कर बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से हुए फसल खराबे का जायजा लिया। उन्होंने लोहावट विधानसभा क्षेत्र के फतेहसागर, दयाकोर, सदरी एवं फलोदी विधानसभा क्षेत्र के होपरडी, जालोड़ा, लोर्डिया गांवों में पहुंचकर खराब हुई फसलों को देखा और काश्तकारों से चर्चा की। उन्होंने प्रभावित किसानों से कहा कि वह लिखित में 7 दिन में अपने बैंक अथवा बीमा कम्पनी के एजेंट अथवा कृषि विभाग के अधिकारियों को सूचित करें। इस दौरान लोहावट विधायक किसनाराम, फलोदी विधायक पब्बाराम विश्नोई व अन्य अधिकारी साथ थे।

Published on:
12 Mar 2020 12:43 pm