
जोधपुर. मौसमी परिस्थितियों में लगातार बदलाव के चलते रविवार को रात व दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। सुबह हल्की सर्दी थी। ग्रामीण व खुले इलाकों में जरुर अधिक ऊनी कपड़े पहनने पड़े। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से दिन के साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी। सप्ताहांत तक अधिकांश जगहों पर रात का पारा 15 से 18 डिग्री के मध्य पहुंचने का पूर्वानुमान है। इससे रात की सर्दी बिल्कुल कम हो जाएगी।
सूर्यनगरी में रविवार को न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री रहा। सुबह हल्की सर्दी रही। ठंड से बचाव के लिए लोगों को स्वेटर व जैकेट जरुर पहनने पड़े लेकिन कुछ घंटे बाद ही ऊनी कपड़ों में चुभन शुरू होने से उन्हें उतारने पड़े। दिन में सूती कपड़ों में काम चला गया। दोपहर में तापमान 32.3 डिग्री था। चटख धूप अप्रेल-मई का अहसास करा रही थी। शाम सुहानी रही। देर रात सर्दी फिर से शुरू हो गई। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम रहा। फलोदी में रात का पारा 15.6 व दिन का 35.2 डिग्री रहा।
जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 14.7 व अधिकतम 33.2 डिग्री रहा। बाड़मेर में रात का पारा 16.7 व दिन का 34.5 डिग्री मापा गया।