
जोधपुर.
भीलवाड़ा के रिटायर्ड सैन्यकर्मी के निजी बैंक में खाते से पांच चेक के मार्फत 6.60 लाख रुपए निकाल लिए गए। इस बारे में पता लगने पर सैन्यकर्मी ने मिलीभगत का आरोप लगाकर सरदारपुरा थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया।
पुलिस के अनुसार भीलवाड़ा जिले में छाबडिय़ा गांव निवासी लालराम पुत्र पेमाराम मीणा सेना से सेवानिवृत्त नायक हैं। जोधपुर में जलजोग चौराहे के पास स्थित एक्सिस बैंक में खाता है। गत वर्ष 20 दिसम्बर को उन्होंने चेक बुक व एटीएम कार्ड के लिए भीलवाड़ा स्थित शाखा में आवेदन किया था, लेकिन चेक बुक व एटीएम कार्ड नहीं मिले। इस बीच, दस दिन पहले लालराम देवली स्थित बैंक की शाखा में रुपए निकालने गए, जहां उन्हें अपने बैंक खाते से 6.60 लाख रुपए निकालने का पता लगा। बैंक स्टेटमेंट से सामने आया कि चेक के जरिए गत 8 व 19 फरवरी को 3-3 लाख रुपए जलजोग चौराहा स्थित बैंक, 12 अप्रेल को 35 हजार व 13 अप्रेल को 20 हजार रुपए अकिला सर्किट शाखा और 27 जुलाई को ओलम्पिक टॉवर शाखा से 51 सौ रुपए निकाले गए हैं।