
जोधपुर.
रातानाडा थानान्तर्गत गणेशपुरा में एक युवक ने युवती से न सिर्फ छेड़छाड़ की, बल्कि पीछा कर मोबाइल नम्बर मांग मित्रता करने का दबाव भी डाला। युवती के इनकार करने पर तेजाब से जलाने की धमकी भी दी गई। पीडि़ता ने पुलिस उपायुक्त(पूर्व) के समक्ष परिवाद पेश कर रातानाडा थाने में युवक के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
थानाधिकारी राजेन्द्रसिंह राजपुरोहित के अनुसार क्षेत्र की एक युवती की ओर से पुलिस उपायुक्त के समक्ष पेश परिवाद के आधार पर जवाहर कॉलोनी निवासी रविन्द्र उर्फ डोला पुत्र रमेश नायक के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया। उप निरीक्षक सुमन बुन्देला को जांच सौंपी गई है।
युवती का आरोप है कि आरोपी रविन्द्र पिछली सात सितम्बर से उसके साथ छेड़छाड़ कर रहा है। वह घर से बाहर निकलती है तो वह उसका पीछा करता है। रास्ते में अश्लील इशारे व छेड़छाड़ भी की। इतना ही नहीं, आरोपी ने मोबाइल नम्बर मांगे व मित्रता करने का दबाव भी डाला। कुछ दिन तक उसने युवक की हरकतें नजर अंदाज की, लेकिन उसके हौंसले बढऩे लगे तो युवती पुलिस उपायुक्त (पूर्व) धर्मेन्द्रसिंह के समक्ष पेश हुईं और आपबीती सुनाकर युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस उपायुक्त से मिले निर्देश व परिवाद के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। फिलहाल पीडि़ता पुलिस के सामने पेश नहीं हुईं है।