
जोधपुर. शहर के भीतरी क्षेत्र कुम्हारिया कुआं में जटियों की गली से अपहृत सात वर्षीय बालक का गला घोंट कर हत्या करने के मामले में गुरूवार को महिलाएं आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग को लेकर धरना देकर बैठी नजर आयी। गौरतलब है कि जालोरी गेट के भीतर कुम्हारिया कुआं में जटियों की गली से अपहृत सात वर्षीय बालक का शव बुधवार दोपहर रातानाडा में पुलिस महानिरीक्षक (रेंज) के सरकारी बंगले के पास नाले में प्लास्टिक कट्टे में मिलने से सनसनी फैल गई। पड़ोसी युवक ने फिरौती के लिए उसका अपहरण कर अपने घर में गला घोंट हत्या की और फिर शव कट्टे में डाल मोटरसाइकिल पर ले जाकर नाले में फेंक दिया था। पुलिस ने देर रात आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) धर्मेन्द्रसिंह के अनुसार जटियों की गली निवासी हिमांशु (७) पुत्र बंशीलाल प्रजापत का सोमवार शाम ५ बजे अपहरण कर लिया गया था। प्लास्टिक कट्टे में बंद उसका शव बुधवार दोपहर आइजी (रेंज) के बंगले के पास पोलो मैदान से निकलने वाले नाले में मिला। एफएसएल जांच के बाद शव एमडीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया, जहां जिला कलक्टर की अनुमति से रात को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। इस मामले में जटियों की गली निवासी किशन सोनी को गिरफ्तार किया गया।