Rajasthan Weather Alert: पिछले 24 घंटों में राज्य के कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री बढ़ोतरी दर्ज की गई
Rajasthan Weather Alert: प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने के साथ ही कई जिलों में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। इस बीच मौसम विभाग ने आगामी दो से तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतर भागों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री बढ़ोत्तरी होने की संभावना जताई है। जोधपुर और कोटा संभाग में 25-26 अप्रेल को अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री के आसपास दर्ज किए जाने के आसार हैं।
वहीं पिछले 24 घंटों में राज्य के कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकांश भागों में तापमान 37-39 डिग्री (सामान्य से 1-2 डिग्री नीचे) दर्ज किया गया है। सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 39.4 डिग्री सेल्सियस था। वहीं हाड़ौती अंचल में सोमवार को मौसम में बदलाव देखने को मिला। गर्मी के तेवर फिर तीखे हो गए। कोटा शहर में रविवार को बादल छाए रहने से गर्मी के तेवर नरम पड़ गए थे, लेकिन सोमवार को मौसम शुष्क होने से फिर गर्मी बढ़ गई। दोपहर में तपन रही। लोग गर्मी से बचाव के लिए जतन करते नजर आए। कूलर-पंखे की हवा भी बेअसर रही। शाम ढलने के बाद भी गर्मी का असर बना रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, कोटा का अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 38.8 व न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा की रफ्तार 2 किमी प्रति घंटे रही। आगामी दो दिन 23 व 24 अप्रेल को मौसम शुष्क रहेगा। झालावाड़ जिले में सोमवार को दिनभर बादलों की आवाजाही रही। सुबह छह बजे मनोहरथाना कस्बे में हल्की बारिश के साथ करीब पांच मिनट ओले गिरे। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।