जोधपुर

आइए इन 10 संकल्पों के साथ करें New Year 2020 की शुरुआत, देश व समाज के साथ खुद के जीवन को दें नई दिशा

नया साल, नए संकल्पों का वर्ष, नई ऊर्जा का वर्ष। नए साल में ऐसे संकल्प करने होंगे जो ना व्यक्तिगत बल्कि समाज व देश को भी एक नई दिशा प्रदान कर सके। आइए, करते हैं ऐसे 10 संकल्प, आने वाले नए दशक 2020 के स्वागत में...
2 min read
youth should take these 10 resolution for new year 2020
आइए इन 10 संकल्पों के साथ करें New Year 2020 की शुरुआत, देश व समाज के साथ खुद के जीवन को दें नई दिशा

जोधपुर. नया साल, नए संकल्पों का वर्ष, नई ऊर्जा का वर्ष। नए साल में ऐसे संकल्प करने होंगे जो ना व्यक्तिगत बल्कि समाज व देश को भी एक नई दिशा प्रदान कर सके। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी साल के अपने अंतिम मन की बात कार्यक्रम में युवाओं के प्रति विश्वास जताया है कि आने वाले दशक में युवा भारत राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा। आइए, करते हैं ऐसे 10 संकल्प, आने वाले नए दशक 2020 के स्वागत में :-

1. खुद को बदलें - आज हर व्यक्ति केवल अपने स्वार्थ को साधने में लगा है। वह चाहता है कि दूसरा उसके लिए बदल जाए। बहुत कम ऐसे होते हैं जो अपनी जिम्मेदारी समझकर किसी परिवर्तन के लिए पहला कदम खुद बढ़ाते हैं। खुद को बदलने के लिए केवल एक बार ठान लें तो ऐसा संभव हो पाएगा।

2. मन से हो महिलाओं का सम्मान-महिला चाहे वह पत्नी हो, मां हो, बेटी हो या बहन हो...हर रूप में उनका सम्मान करना होगा। उनके साथ होने वाले गलत व्यवहार का विरोध करना होगा। उन्हें अपने सपने पूरा करने के लिए खुला आकाश देना होगा।

3. भ्रष्टाचार के खिलाफ मुखर हो आवाज-देश में बढ़ते भ्रष्टाचार को रोकने के लिए किसी एक को नहीं बल्कि सभी को आवाज उठानी होगी। केवल प्रदर्शन करने से नहीं बल्कि अपने दैनिक जीवन में जो घटनाएं होती हैं, उनमें यदि आपको भ्रष्टाचार महसूस होता है तो उसका विरोध करना होगा।

4. जिम्मेदार नागरिक बनें- हम अपने शहर ही नहीं बल्कि अपने देश के जिम्मेदार नागरिक बनें, इसके लिए हमें अपनी जिम्मेदारियां समझनी होंगी। अपने शहर को गंदा करने, रास्ते में थूकने, कहीं पर भी लघुशंका करने, ट्रैफिक सिग्नल तोडऩे आदि में हमारा सिविक सेंस नजर आता है। यह सब बदलना होगा।

5. नशे से दूर रहें - एल्कोहोल, ड्रग्स और टोबेको के कारण कई लोगों को अपनी जानें गंवानी पड़ी हैं। यह शुरुआत में इतनी आसानी से छोड़ी नहीं जा सकती हैं लेकिन इच्छाशक्ति से सब कुछ संभव है। अपने परिवार, समाज व देश को इस जहर से बचाने के लिए हमें इन्हें छोडऩा ही होगा।

6. जातिवाद और क्षेत्रीयता से ऊपर उठें-जातिवाद और क्षेत्रीयता के कारण देश में हिंसाएं होती हैं। ऐसी स्थितियां पैदा ना हों इसलिए जातिवाद और क्षेत्रीयता की भावना से ऊ पर उठना होगा।

7. जरूरतमंदों की मदद करें- हम अपने आसपास कई ऐसे लोगों को देखते हैं जो गरीब व जरूरतमंद हैं। कई बार उनकी मदद की सोचते भी हैं लेकिन कुछ करते नहीं हैं। इसके लिए जब भी हम किसी जरूरतमंद को देखें तो उसकी मदद को आगे जरूर बढ़ें।

8. बाल शोषण रोकें - आज कई बच्चे मजबूर व लाचार हैं और मुफलिसी का जीवन गुजार रहे हैं, ऐसे में उन बच्चों के शोषण को रोकना होगा। बाल श्रमिकों को ऐसे लोगों की गिरफ्त से छुड़ाना होगा जो उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ आवाज भी उठानी होगी।

9. माफ करना सीखें- कोई हमारे साथ गलत व्यवहार करे तो उसके साथ वैसा ही व्यवहार करने के बजाय उसके साथ सादगी पूर्ण व्यवहार करना होगा ताकि उसे भी गलती का एहसास हो सके।

10. गो ग्रीन-पिछले कुछ सालों से ग्लोबल वार्मिंग का खतरा ज्यादा बढ़ चुका है। ऐसे में हमें अपने पर्यावरण को बचाने के लिए कदम उठाने होंगे। इसके लिए हमें ऐसी चीजों का प्रयोग करना होगा जो पर्यावरण बचाने में सहायक हों। इनमें सबसे पहले हमें अधिकाधिक पौधारोपण करना चाहिए।

Published on:
31 Dec 2019 11:24 am