जोधपुर

शेरगढ़ पहुंचे CM भजनलाल शर्मा, सजे-धजे ऊंट पर की सवारी, वीरांगनाओं का किया सम्मान

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा के तहत सोइंतरा में आयोजित जनकल्याणकारी शिविर का निरीक्षण किया।

2 min read
Jul 05, 2025
Bhajanlal Sharma in Jodhpur
शेरगढ़ में सीएम भजनलाल शर्मा। फोटो- पत्रिका

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर जोधपुर आए। वे दोपहर को शेरगढ़ के सोइंतरा गांव पहुंचे। खास बात यह रही कि यहां उन्होंने ऊंट की सवारी की। दरअसल मुख्यमंत्री सबसे पहले आशापुरा माता मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

यह भी थे मौजूद

इसके बाद मुख्यमंत्री को सोइंतरा गांव के सभास्थल तक पहुंचना था, लेकिन उनको सभास्थल तक पहुंचाने के लिए कुछ खास इंतजाम किए गए थे। दरअसल यहां सजे-धजे ऊंट तैयार खड़े थे। इन ऊंटों की सवार कर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, शेरगढ़ विधायक बाबूसिंह राठौड़ और ओसियां विधायक भैराराम सियोल सभास्थल तक पहुंचे।

शिविर का निरीक्षण किया

यहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सबसे पहले पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा के तहत सोइंतरा में आयोजित जनकल्याणकारी शिविर का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने शिविर में लाभान्वितों से संवाद भी किया। मुख्यमंत्री ने यहां वीरांगनाओं का सम्मान कर सभा को संबोधित किया। बता दें कि मुख्यमंत्री आज शाम ही जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

यह वीडियो भी देखें

शेखावत ने साधा निशाना

इससे पहले केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने जोधपुर के सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के हालिया बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राजनीति में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, पर व्यक्तिगत आक्षेपों के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए।

शेखावत ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा इसी सर्किट हाउस में मेरी दिवंगत माता पर जो गंभीर आरोप लगाए थे, वे पूरी तरह निराधार और निंदनीय हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब अशोक गहलोत ओछी राजनीति पर उतर आए हैं और मीडिया के जरिए मुझे संदेश भेज रहे हैं। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। शेखावत ने स्पष्ट किया कि वे इस मुद्दे को केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि व्यक्तिगत सम्मान और परिवार की गरिमा से जुड़ा मामला मानते हैं।