कबीरधाम

धर्मांतरण के आरोप से गरमाया कवर्धा का ये गांव! बंद कमरे में चल रही थी प्रार्थना सभा, ग्रामीणों ने किया हंगामा

Religious Conversion Allegation: कबीरधाम के लालमाटी गांव में कथित धर्मांतरण को लेकर विवाद गहरा गया है। चंगाई सभा का विरोध करते हुए ग्रामीण और हिंदू संगठन मौके पर पहुंचे। एक महिला ने इलाज के नाम पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने मारपीट की शिकायत की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

2 min read
Jun 09, 2026
Religious Conversion Allegation(poto-patrika)
Religious Conversion Allegation(poto-patrika)

Religious Conversion Allegation: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के तरेगांव थाना क्षेत्र के लालमाटी गांव में कथित धर्मांतरण को लेकर विवाद सामने आया है। गांव में आयोजित चंगाई सभा का ग्रामीणों और हिंदू संगठनों ने विरोध किया। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और सभा में चल रही गतिविधियों पर आपत्ति जताई। एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके बेटे के इलाज के नाम पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया जा रहा था। वहीं दूसरे पक्ष ने मारपीट और हंगामे की शिकायत की है। मामले को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने हैं और पुलिस जांच में जुटी हुई है।

Religious Conversion Allegation: इलाज के नाम पर धर्मांतरण का दबाव बनाने का आरोप

लालमाटी गांव निवासी झलियारो बाई ने आरोप लगाया है कि उसके बेटे के इलाज के बहाने गांव के दो स्थानीय पास्टर लगातार धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बना रहे थे। महिला का कहना है कि धार्मिक आस्था बदलने के लिए मानसिक रूप से प्रभावित करने की कोशिश की जा रही थी। इस संबंध में उसने दो स्थानीय पास्टरों के साथ ही कवर्धा और रायपुर के एक-एक फादर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

बंद कमरे में चल रही थी प्रार्थना सभा

ग्रामीणों और हिंदू संगठनों का आरोप है कि गांव में एक बंद कमरे के भीतर प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी, जहां लोगों को एकत्र कर धार्मिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। सूचना मिलने पर संगठन से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे और सभा का विरोध किया। इसके बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।

परंपरागत धर्म में लौटने की इच्छा जताने पर धमकी का आरोप

ग्रामीणों का दावा है कि एक परिवार ने अपने पारंपरिक धर्म और रीति-रिवाजों में लौटने की इच्छा जताई थी। आरोप है कि ऐसा करने पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। इस आरोप के बाद मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है तथा प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी है।

दूसरे पक्ष ने भी की मारपीट की शिकायत

वहीं मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत दर्ज कराई गई है। उनका आरोप है कि सभा के दौरान कुछ लोगों ने पहुंचकर मारपीट और हंगामा किया। दोनों पक्षों की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पुलिस कर रही जांच

तरेगांव थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस सतर्क है।

Published on:
09 Jun 2026 01:39 pm