कांकेर

छत्तीसगढ़ के किसानों को आज मिलेंगे अरबों रूपए, मुख्यमंत्री साय के बटन दबाते ही खाते में आएगा पैसा

Krishak Unnati Yojana : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार आज प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात देने जा रही है।
2 min read
Mar 12, 2024
kisan_2000.jpg

Krishak Unnati Yojana : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार आज प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात देने जा रही है। कृषक उन्नति योजना के तहत प्रदेशभर के किसानों के खातों में 3100 रूपए प्रति क्विंटल के मान से अंतर राशि राज्य शासन द्वारा जमा की जाएगी। उप संचालक कृषि ने बताया कि उक्त योजना के तहत 92 हजार 143 पंजीकृत किसानों के खातों में कुल 4 अरब 51 करोड़ 37 लाख 59 हजार रूपए की राशि प्राप्त होगी।

उन्होंने बताया कि किसानों के खातों में पूर्व में 2183 रुपए प्रति क्विंटल के मान से राशि जमा हो चुकी है, जबकि अब शेष 917 रूपए प्रति क्विंटल के मान से राशि जमा की जानी है। उल्लेखनीय है कि मोदी की गारंटी के तहत प्रदेश की सरकार ने प्रदेश के मेहनतकश किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदने का वायदा किया था, जिसे पूरा करते हुए तीन माह के भीतर अंतर राशि 917 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से अंतरण जारी करने जा रही है। इससे जिले भर के किसानों में हर्ष का माहौल है।

उप संचालक ने बताया कि कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय स्थित पुरानी कृषि उपज मण्डी प्रांगण में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जहां पर क्षेत्र के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों और किसानों को आमंत्रित को किया गया है। इसके अलावा भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम संबलपुर के उप कृषि मण्डी परिसर और अंतागढ़ के सद्भावना भवन में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के द्वारा बटन दबाकर किसानों के खातों में राशि जमा की जाएगी, जिसका वर्चुअली सीधा प्रसारण पूरे राज्य भर में चिन्हांकित स्थलों पर एलईडी के माध्यम से किया जाएगा।

Published on:
12 Mar 2024 01:53 pm