
कांकेर. छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिला मुख्यालय से लगे सीटीजेडब्लू कालेज के पास शनिवार की रात साढ़े बारह बजे तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवक व एक नाबालिग की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से यादव समाज समेत पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।
बताया गया है कि तीन युवक ग्राम पंडरीपानी के थे। मेलाभांटा मैदान में आयोजित जिलास्तरीय गोपाष्टमी महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने के बाद खाना के लिए ढाबा गए थे, जहां से वापस आते समय यह घटना हुई।
बताते चलें कि शनिवार को जिला यादव समाज द्वारा आयोजित गोपाष्टमी महोत्सव में शामिल होने के लिए शहर से लगे ग्राम पंडरीपानी निवासी आकाश यादव (17) पिता जगेश्वर, राजकमल यादव (18)पिता रमधर और नरेन्द्र यादव(18) पिता सुनील आए थे। कार्यक्रम के दौरान उदयनगर आंग्लवैदिक स्कूूल के सामने निवासरत संजय यादव (25) पिता विष्णु राम से मुलाकात हुई।
महोत्सव कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बाइक क्रमांक सीजी 19 बी 8775 में सवार होकर शहर से बाहर कुलगांव एक ढाबा में खाना खाने गए थे, खाना खाकर वापस लौट रहे थे, कि जंगलवार कालेज के पास कार क्रमांक सीजी 27बी 4311 से जबरदस्त भिड़ंत हो गई।
इस घटना में नरेन्द्र, आकश और राजकमल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि संजय को गंभीर चोटें आने पर राहगीरों की मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल मेमो की सूचना पर पुलिस ने शव का रविवार सुबह पंचनामा कर मर्ग कायम किया है। इधर घटना के बाद कार चालक फरार हो गया था। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
रो पड़ा पूरा गांव
तीन युवक ग्राम पंडरीपानी के थे। पोस्टमार्टम के बाद तीनों युवकों का शव गांव पहुंचने के बाद पूरा गांव रो पड़ा। एक साथ तीनों युवकों की अर्थी निकली, गांव के मुक्तीधाम में मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया। एक साथ तीनों युवकों की मौत होने से मृतक के परिजनों के साथ गांव में शोक की लहर छाई रही।
कोतवाली उपनिरीक्षक पुरूषोत्तम कुर्रे ने कहा कि घटना की सूचना मिलने पर शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। तीन लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक युवक का उपचार के दौरान सांसे थम गई।