
कांकेर. शुक्रवार को कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रानू साहू ने कहा कि इस बार अंचल के 42 मदतान केंद्रों पर दो दिन पहले बूथ पोलिंग दल पहुंच जाएगा। शेष अन्य मदतान केंद्रों पर एक दिन पहले पोलिंग बूथ दल पहुंचेगा। जिले में 688 मतदान केंद्रों 20 प्रतिशत रिजर्व सहित कुल 3304 पोलिंग पर्सनल की ड्यूटी लगाई गई है। उक्त बातें कलक्टर ने पे्रस वार्ता में कही।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इस बार तीनों विधानसभा में पांच-पांच आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं। अंतागढ़ विस क्षेत्र में आदर्श मतदान केंद्र पखांजूर-2, अंतागढ़, छोटेकापसी, बांदे कालोनी-२ और बोदानार केंद्र है। भानुप्रतापपुर विस क्षेत्र में करमोती, भानुप्रतापपुर, नारायणपुर, भानबेड़ा और कोरर को आदर्श मतदान केंद्र में चयन किया गया है। इसी तरह से कांकेर विस क्षेत्र के मतदान केंद्र तालाकुर्रा, बाबूदबेना, अन्नपूर्णापारा कांकेर, नरहरपुर और सरोना को आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया है। इन आदर्श मतदान केंद्रों पर वोट देने के लिए आने वाले मतदाताओं का स्वागत किया जाएगा। कलक्टर ने बताया कि इन मतदान केंद्रों पर चिकित्सा संबंधी, बैठने की सुविधा, पीने का पानी, ह्विलचेयर और लोगों की हेल्प की जाएगी।
लेखा व्यय प्रस्तुत नहीं करने पर 7 प्रत्याशियों को नोटिस:- निर्धारित तिथि तक व्यय लेखा प्रस्तुत नहीं करने पर भानुप्रतापपुर विधानसभा से प्रत्याशी मनोज मंडावी, मानकदर पट्टी, श्यामलाल गावड़े, सियाराम परचापी और कांकेर विधानसभा से प्रत्याशी हेमलाल मरकाम, विशाल ध्रुव और शिशुपाल शोरी को नोटिस जारी किया गया है।
कंकालीनपारा और मनकेसरी बनेगा पिंक बूथ
कलक्टर ने कहा कि दो पिंक बूथ बनाने के लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रायपुर को प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने बताया कि जिन मतदान केंद्रों पर 12 सौ से अधिक मतदाता हैं वहां इस तरह की सुविधा उपलब्ध कराया जाना है। पिंक बूथ सिर्फ महिलाओं के लिए बनाया जाना है। कांकेर विस क्षेत्र के कंकालीनपारा-1 और बूथ क्रमांक ६६ मनकेसरी का चयन किया गया है। प्रस्ताव स्वीकृत हुआ तो दोनों बूथों पर महिला मतदाताओं के लिए पिंक बूथ बनेगा।
508 लाइसेंसी हथियारों को पुलिस ने कराया जमा
विधानसभा चुनाव-2018 शांतिपूर्ण सम्पन्न कराए जाने को लेकर पुलिस महकमा ने जिलेभर में 517 लाइसेंसी हथियारों में से 508 को जमा करा लिया है। सिर्फ नौ हथियारों को बैंकों की सुरक्षा को देखते हुए नहीं जमा कराया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले में खुद की सुरक्षा एवं अन्य कारणों के चलते 517 लोगों ने हथियार रखने की अनुमति प्रशासन से ले रखी है। आचार संहिता के चलते ऐसे हथियारों को चुनाव के समय जमा करना अनिवार्य है। पुलिस विभाग ने विस चुनाव शांतिपूर्ण कराए जाने के लिए सभी को हथियार जमा करने आदेश जारी किया है।
विभिन्न थानों में कुल 508 हथियारों को जमा कर लिया गया है। सिर्फ ऐसे हथियारों को जमा नहीं कराया गया जो बंैकों में गार्ड सेवा दे रहे हैं। विधानसभा चुनाव को देखते हुए कड़ी पहरेदारी होगी। इन हथियारों को चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही वापस किया जाएगा। इस कार्रवाई में लगे पुलिस अधिकारी ने बताया कि हर बार की तरह इस बार भी चुनाव आयोग के नियम का पालन किया जा रहा है। सुरक्षा के कारणों को ध्यान में रखते हुए सभह लोगों के हथियारों को जमा कराया जाता है।