
कांकेर. माओवादियों के भय से ग्राम पंचायत पीढ़ापाल से मुरागांव तक पीएम ग्राम सडक़ निर्माण के लिए करोड़ों का बजट स्वीकृत होने के बाद भी 14.70 किमी का कार्य जिला प्रशासन 10 साल बाद भी पूरा नहीं करा पाया है। वर्षों से नदी पारकर मुरागांव के ग्रामीण पीढ़ापल तक पहुंचते हैं। शासन-प्रशासन की अनदेखी के चलते ग्रामीणों के लिए सडक़ का निर्माण नहीं हो पाया है।
प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत 2008-09 में ग्राम पंचायत पीढ़ापाल से मुरागांव तक 14.70 किमी सडक़ निर्माण के लिए शासन ने 511 लाख की स्वीकृति दी थी। आनन-फानन में सडक़ निर्माण के लिए निविदा एवं टीएस स्वीकृति के बाद आधी-अधूरी तैयारी के बीच सडक़ बनाने का काम भी प्रारंभ कर दिया था। पीढ़ापाल से करीब तीन किमी आगे तक सडक़ निर्माण होने के बाद जैसे ही नदी में पुलिया बनाने का कार्य ठेकेदार ने प्रारंभ किया माओवादियों ने निर्माण कार्य में लगे वाहनों को आग के हवाले कर दिया।
माओवादियों ने पीढ़ापाल तक जमकर उपद्रव करते हुए ग्रामीणों को जमकर पीटा था। माओवादियों के आतंक को देखते हुए ठेकेदार ने निर्माण कार्य कराने से हाथ खड़ा कर लिया और मौके पर हुए निर्माण कार्य के एवज में मोटी रकम लेकर निकल गया। करीब सात साल बाद भी प्रशासन से उक्त सडक़ निर्माण के लिए पहल नहीं किया तो मुरागांव और पीढ़ापाल के ग्रामीणों ने सडक़ निर्माण के लिए फरियाद करते हुए कलक्टर को ज्ञापन सौंपा था। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश होते ही दोनों गांव का संपर्क कट जाता है। सडक़ नहीं होने के कारण उन्हें भानुप्रतापपुर होते हुए करीब ८० किमी की सफर तयकर जिला मुख्यालय आना पड़ता है। जबकि मुरागांव से जिला मुख्यालय की दूरी मात्र 40 किमी है। बारिश के समय नदी पार करना जोखिम भरा रहता है। इस सडक़ निर्माण के लिए न तो जिला प्रशासन सुरक्षा का बंदोबस्त करा पाया न ही सडक़ का निर्माण पूरा किया गया। ग्रामीण नदी पार कर जाने को आज भी मजबूर हैं।
2008-09 में पीढ़ापाल से मुरागांव तक 14.70 किमी सडक़ बनाने का बजट प्रथम चरण में 511 लाख रुपए स्वीकृत किया गया था। इस सडक़ का निर्माण कार्य करीब तीन किमी पूरा हो चुका है। पुन: उसी सडक़ निर्माण के लिए सात साल में बजट बढ़ाकर 793 लाख रुपए पहुंच गया है। सूत्रों की माने तो इस सडक़ निर्माण के लिए निविदा की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। टीएस स्वीकृति के अभाव में वर्क आर्डर अधर में लटका पड़ा है। यानी ग्रामीणों की फरियाद के बाद पीढ़ापाल से मुरागांव तक सडक़ निर्माण का कार्य प्रारंभ हो जाएगा। यह सडक़ अब 793 लाख के बजट से बनेगी। सडक़ निर्माण हो जाने से आवागमन सुगह होगा।
कांकेर पीएमजीएसवाय के ईई यूके कोपूवार ने कहा कि इस संबंध में हमें जानकारी नहीं है। फाइल देखने के बाद ही पीढ़ापाल से मुरागांव तक पीएम सडक़ के बारे में बता पाउंगा।