
कांकेर . छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पेवारी के एस मोड़ पर दोपहर लगभग एक बजे अंतागढ़ की ओर से आ रहे ट्रक और भानुप्रतापपुर की ओर से जा रहे टिप्पर में आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दोनों वाहन के चालकों की मौत हो गई। टक्कर इतना जोरदार थी कि दोनों चालक वाहन में ही फंस गए। घंटों मशक्कत के बाद पुलिस ने किसी तरह क्रेन से दोनों वाहनों को खींचकर चालकों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा जहां डाक्टरों में मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अुनसार दोपहर करीब एक बजे पेवारी के एस मोड़ के पास चारगांव खदान बंद होने से खाली ट्रक क्रमांक सीजी 19 बीजी 3736 वापस भानुप्रतापपुर आ रहा था। वहीं, भानुप्रतापपुर से अंतागढ़ की ओर जा रहे एस मोड़ के पास विपरित दिशा से टिप्पर क्रमांक सीजी 04 जेए 1450 आ गया और दोनों वाहनों में आमने-सामने भिड़ंत में परखच्चे उड़ गए और आपस में दोनों वाहन चिपक गए। टिप्पर का चालक तो मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दोनों चालक तीन घंटे तक वाहनों में फंसे रहे टिप्पर चालक कहां का था जानकारी शाम तक नहीं मिल पाई। टिप्पर पर ऋषभ कंट्रक्शन लिखा हुआ है। वहीं, ट्रक चालक भावेश कुंजाम बसंतनगर भानुप्रतापपुर की स्टेरिंग में फंसा होने के बाद भी सांसे चल रही थी। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों को बाहर निकाला और इलाज के लिए ट्रक चालक को अस्पताल भेजा जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दोनों वाहनों के भिड़त हो जाने से सडक़ पर जाम लग गया।
बीच सडक़ से पुलिस करीब तीन घंटे के बाद दोनों वाहनों को हटाकर यातायात को बहाल किया। बताया जा रहा कि दोनों वाहनों की रफ्तार अधिक होने के कारण यह हादसा हुआ व चालकों की जान चली गई। तीन घंटे 102 को करना पड़ा इंतजार:- पेवारी के एस मोड़ के पास हादसे होने की सूचना पर 102 वाहन तत्काल पहुंच गया। टिप्पर और ट्रक दोनों आपस में चिपक जाने के कारण तीन घंटे तक 102 को इंतजार करना पड़ा और घंटों बाद चालकों को बाहर निकाला गया तो एक की मौत हो चुकी थी और दूसरे को अस्पताल लाने के बाद डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बारिश में आए दिन हो रहे बड़े हादसे:- बारिश के समय दो पहिया वाहनों के साथ बड़े हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है । अभी हाल ही में चारामा में बाबूकोहका के पास बस की चपेट में आने से दो भाइयों की जान चली गई थी और १५ बस यात्री जख्यी हो गए। शुक्रवार को सुबह ग्राम कुर्री के पास एक बस और एक कार के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो जाने से कार में सवार दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।