IMD weather alert आज रात से मौसम में करवट बदल रहा है। कानपुर मंडल सहित आसपास के जिलों में भी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज चमक के साथ बिजली भी गिरने की संभावना है।
IMD weather alert मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आज आ रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण कानपुर मंडल में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। कल दिन में भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। आज रात से कल दोपहर तक 10 से 15 मिलीमीटर बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने अगले 3 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया है। जिसके अनुसार कानपुर मंडल के जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों में बादल गरजने के साथ आकाशीय बिजली भी गिर सकती है। तेज हवाएं भी चलने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि नए पश्चिमी विक्षोभ का असर पहाड़ी इलाकों के साथ राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली में दिखाई पड़ रहा है। अब कानपुर मंडल में भी मौसम प्रभावित हो रहा है। आज ऊंचे आसमान पर बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बारिश की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। जो कानपुर में भी पहुंचेगी। आज शाम से कल दोपहर तक जमकर बारिश होगी। कानपुर मंडल के जिले औरैया, इटावा, कन्नौज, फर्रुखाबाद, कानपुर नगर, कानपुर देहात के साथ उन्नाव, हरदोई, लखनऊ, सीतापुर में बारिश होगी। फतेहपुर में बारिश का प्रभाव कम रहेगा।
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एसएन सुनील पांडे ने बताया कि कानपुर के हैलेट सहित अन्य क्षेत्रों में बारिश शुरू हो गई है। कल दोपहर तक बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 10 से 15 मिलीमीटर बारिश हो सकती है। 12 बजे से 5 तक झमाझम बारिश होगी। विशेषकर रात में बारिश होगी।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि कई तरह के मौसमी सिस्टम बन रहे हैं। जिससे हवाएं आपस में टकरा रही हैं। जिसका बुरा प्रभाव मौसम पर पड़ेगा। बर्फबारी भी हो सकती है। जिससे फसलों को भी नुकसान होने की संभावना है। 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।