
लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर भारतीय सेना को लेकर भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सीमा पर जवानों को शहीद करवाने का काम किया है। सीमा पर सैनिक शहीद हो रहे हैं और भाजपा उसपर राजनीति कर रही है। अखिलेश यादव बुधवार को कन्नौज लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी व अपनी पत्नी डिंपल यादव के लिए चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। रसूलाबाद व छिबरामऊ में जनसभाओं में उनके साथ डिंपल यादव भी मौजूद थीं। आपको बता दें कि कन्नौज में मतदान 6 मई को पांचवे चरण में होगा। अपनी जनसभा में उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकार हमला बोला। भारतीय सेना को ढाल बनाने से लेकर नोटबंदी से जनता को दिए गए दर्द तक की अखिलेश यादव ने याद दिलाई। वहीं डिंपल यादव ने अखिलेश के सुर में सुर मिलाए और कहा कि डबल इंजन वाली सरकार फेल हो गई है, साथ ही जीएसटी भी। इस चुनाव में चूक हुई तो देश पिछड़ जाएगा।
भाजपा ने सीमा पर जवानों को शहीद करवाने का काम किया-
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार ने नोटबंदी के दौरान एकत्र धन को उद्योगपतियों में बांट दिया, जो इसे लेकर बाहर चले गए। उन्होंने भाजपा पर जवानों को शहीद करवाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सीमा की सुरक्षा की बात कर रही है, लेकिन हमारी सीमाएं तो सदैव जवानों के सहारे सुरक्षित रहती हैं। भाजपा ने जवानों को सीमा पर शहीद करवाने का काम किया है। सीमा पर सैनिक शहीद हो रहे हैं और भाजपा उसपर राजनीति कर रही है। शहीद के परिवारों को विशेष सम्मान भी नहीं दिया है। अखिलेश ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर शहीद के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये आर्थिक मदद दी जाएगी।
कन्नौज की जनता ने इतिहास बनाया-
अखिलेश ने कहा कि कन्नौज से समाजवादी की पहचान और एक पुराना रिश्ता है। यहां की जनता ने इतिहास बनाया और 2014 में डिंपल निर्विरोध जीतीं। उन्होंने कहा कि पहले सपा अकेले साइकिल चला रही थी, लेकिन अब बसपा भी साथ है। यह परिवर्तन लाने वाला नया गठबंधन है और नया प्रधानमंत्री बनेगा और उससे ही विकास होगा।
भाजपा वाले ला रहे विदेशी तेल-
अखिलेश यादव ने जनता से पूछा कि पकौड़े सरसों के तेल के अच्छे होते हैं कि विदेशी तेल के। उन्होंने कहा कि भाजपा विदेशी तेल ला रही है जिससे सरसों के तेल की कीमत किसानों को नहीं मिल पा रहा है।