
कन्नौज. जिले में दो जगह खुदाई के दौरान प्राचीन सिक्के निकलने से हड़कम्प मच गया। सिक्कों को देखकर आस-पास के लोगों में शोर मच गया। एक मकान की खुदाई के दौरान पुराने सिक्कों से भरी मटकी निकली तो 300 सोने के सिक्के मिलने की सूचना पुलिस तक पहुंची जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने 170 सिक्कों को जब्त कर मकान मालिक से पूछताछ कर रही है। वहीं धर्मशाला की दीवार खोदाई में सोने के 10 सिक्के निकलने पर मजदूरों ने उन्हें अपने पास रख लिया। भनक लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मजदूरों से पूछताछ के बाद सभी सिक्के बरामद कर लिए।
उर्दूू भाषा बता रही मुगलकालीन
कन्नौज के गुरसहायगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पछायेंपुर्वा निवासी सियाराम पुत्र नन्हें के खेत में बिजय बहादुर व रीनू अपना मकान बनवा रहे थे कि तभी अचानक उनके मकान में एक पुरातन सम्पदा के सिक्कों से भरी मटकी निकली जिसको देखते ही हड़कम्प मच गया जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी। देखते ही देखते सूचना आग की तरह फैल गयी और मामला पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर 170 सिक्कों को जब्त कर उसकी सही जानकारी के लिए पुरातन विभाग को इसकी सूचना दे दी है। इन सिक्कों पर उर्दूू भाषा में कुछ लिखा हुआ है। जिसकी जानकारी भी की जा रही है।
खुदाई के दौरान एक मटकी में निकले पुरातन सम्पदा के सिक्के मुग़ल कालीन के बताये जा रहे हैं। इन सिक्कों में उर्दू भाषा में लिखा कुछ लेख भी नजर आ रहा है। पुलिस इन सिक्कों से जुड़ी हर जानकारी के लिए इसकी तह में जाने में जुट गई है। पुलिस ने मकान मालिक को भी हिरासत में लेकर पूछ्ताछ कर रही है जिससे इन सिक्को के बारे में सही जानकारी मिल सके।
सोने के सिक्के देख मचा हड़कंप
कस्बे के तिर्वागंज स्थित सर्राफा वाली गली में सेठ मन्नी लाल के धर्मशाला में दीवार की खोदाई की जा रही थी। दीवार काफी मोटी थी, जिससे तीन से चार मजदूरों को लगाया गया था। खोदाई के दौरान दीवार में एक अलमारी दिखाई दी। मजदूरों ने अलमारी खोली तो उसमें सोने के 10 सिक्के निकले। मजदूर आपस में सिक्के बांट पाते उससे पहले ही कोतवाली प्रभारी आमोद कुमार सिंह को भनक लग गई। तुरंत ही मौके पर पहुंचे और मजदूरों से पूछताछ करने के बाद सभी सिक्के बरामद कर लिए। इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक को दी गई। पुलिस अधीक्षक किरीट राठौड़ ने सिक्कों को पड़ताल के लिए मंगवा लिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि सिक्के पुरातत्व विभाग को सौंपे जाएंगे। इसकी पड़ताल होगी। उन्होंने बताया कि सिक्कों पर ब्रिटिश हुकुमत का जिक्र है और करीब 100 पूर्व होने के साक्ष्य मौजूद हैं।