कन्नौज

DJ रोकने पर बढ़ा बवाल: एडीएम ने हाथ जोड़े, कोतवाल बोले- मैं रिजाइन करता हूं, ईश्वर करेगा न्याय, मुझसे बड़ा सनातनी हो तो सिद्ध करे

Kannauj Kanwar Yatra Controversy: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे को शहर के भीतर ले जाने से रोके जाने पर कांवड़ियों और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की हो गई। इसके विरोध में आक्रोशित कांवड़िए सड़क पर ही धरना देकर बैठ गए, जिससे मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
2 min read
Aug 22, 2026
Kannauj kanwar yatra
यूपी के कन्नौज में कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे को शहर में ले जाने को लेकर हुए विवाद।

UP Police Kanwar Yatra: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे (DJ) को शहर के भीतर ले जाने को लेकर पुलिस और कांवड़ियों के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों को कांवड़ियों के सामने झुकना पड़ा। एडीएम ने हाथ जोड़कर माफी मांगी, तो वहीं विवादों में घिरे कोतवाल ने भरे मैदान में अपने इस्तीफे की घोषणा कर दी।

डीजे रोकने पर भड़का विवाद

हरदोई के बिलग्राम और आसपास के इलाकों से हजारों कांवड़िए कन्नौज के प्रसिद्ध सिद्धपीठ गौरीशंकर मंदिर में गंगाजल चढ़ाने के लिए निकले थे। यह परंपरा पिछले लगभग 30 वर्षों से चली आ रही है। कांवड़ियों के ठहरने और सेवा के लिए कन्नौज के बोर्डिंग ग्राउंड में व्यवस्था की गई थी। उत्साहित कांवड़िए डीजे के साथ शहर में प्रवेश कर रहे थे, तभी पुलिस ने सुरक्षा और नियमों का हवाला देते हुए डीजे को शहर के अंदर ले जाने से रोक दिया।

सड़क पर बैठे कांवड़िए, धक्का-मुक्की और हंगामा

पुलिस की रोक से नाराज कांवड़ियों और पुलिसकर्मियों के बीच पहले तीखी बहस हुई, जो जल्द ही धक्का-मुक्की में बदल गई। विरोध में हजारों कांवड़िए सड़क पर धरना देकर बैठ गए और हंगामा शुरू कर दिया। यातायात पूरी तरह बाधित होने लगा और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

ADM ने माफी मांगी

मामले को बिगड़ता देख उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को शांत करने के लिए ADM देवेंद्र सिंह ने कांवड़िया प्रतिनिधियों के सामने हाथ जोड़कर पुलिस की ओर से माफी मांगी। वहीं, कांवड़ियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार के आरोपों से घिरे कोतवाल जितेंद्र ने माइक संभाला और मंच से अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया। उन्होंने कहा कि वह नौकरी छोड़ देंगे। अगर मैंने कोई गलती की है तो मेरा सिर… मैं आपको कह रहा हूं कि अगर किसी को ये शक है कि मैं सनातनी नहीं हूं तो जो व्यक्ति मुझसे बड़ा सनातनी हो, मैं यहीं सिद्ध करता हूं कि कौन ज्यादा बड़ा सनातनी। उन्होंने कहा कि अगर मैंने कोई गलती की है, तो ईश्वर न्याय करेगा। इसी के साथ उन्होंने कहा कि मैं इस्तीफा दे दूंगा।

डीजे को मिली अनुमति, यात्रा आगे बढ़ी

कोतवाल के इस्तीफे के ऐलान और प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद कांवड़ियों का गुस्सा शांत हुआ। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर आयोजकों से बातचीत की। अंततः डीजे को शहर के अंदर ले जाने की अनुमति दे दी गई, जिसके बाद कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ी।

Updated on:
22 Aug 2026 12:27 pm
Published on:
22 Aug 2026 11:59 am