
केशव प्रसाद मौर्य फोटो सोर्स @kpmaurya1 X Account
UP Politics: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अखिलेश यादव पर अगड़ा, पिछड़ा और दलितों को लेकर बयानबाजी करने का आरोप लगाया। जयंत चौधरी पर अखिलेश के कथित बयान को लेकर मौर्य ने उनसे माफी मांगने की मांग की है। साथ ही दावा किया कि 2027 में जनता सपा की सफाई कर देगी।
उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने एक बार फिर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को निशाने पर लिया है। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट साझा कर अखिलेश यादव पर कई गंभीर राजनीतिक आरोप लगाए है।
केशव प्रसाद मौर्य ने अपनी पोस्ट की शुरुआत अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने लिखा, “नेताजी की कमाई, सपा बहादुर ने गंवाई। यह सोलह आने सच है।” इसके बाद उन्होंने कहा कि इसी छटपटाहट ने अखिलेश यादव का मनोबल इस कदर तोड़ दिया है कि वह अपनी जुबान से अगड़ा, पिछड़ा और दलितों में किसी पर भी लाठी चला देते हैं।
डिप्टी सीएम ने केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को लेकर अखिलेश यादव के बयान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जयंत चौधरी के खिलाफ घटिया बयान देकर अखिलेश यादव ने अपनी राजनीतिक छटपटाहट को उजागर किया है। मौर्य ने कहा कि भारत रत्न चौधरी चरण सिंह का सैफई परिवार पर इतना कर्ज है कि समाजवादी पार्टी उसे चुका नहीं सकती। केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव से जयंत चौधरी से तत्काल माफी मांगने की मांग की।
उन्होंने अपने बयान में चौधरी चरण सिंह की विरासत का भी जिक्र करते हुए इसे सपा की मौजूदा राजनीति से जोड़ने की कोशिश की। डिप्टी सीएम ने आगे भाजपा के सामाजिक समीकरण को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि अगड़ा, पिछड़ा और दलित की ‘त्रिवेणी’ भाजपा के साथ है। उनके मुताबिक उत्तर प्रदेश की जनता जातिवाद और मुस्लिम तुष्टीकरण में डूबी समाजवादी पार्टी को स्वीकार नहीं करेगी।
मौर्य ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में यूपी की जनता सपा का बोरिया-बिस्तर समेटकर उसे सैफई भेज देगी। उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की ओर से सपा पर बढ़ते राजनीतिक हमलों की कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में अखिलेश यादव और सपा की ओर से इस बयान पर क्या प्रतिक्रिया आती है। इस पर भी राजनीतिक नजरें टिकी हैं।
Updated on:
22 Aug 2026 01:16 pm
Published on:
22 Aug 2026 01:16 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
