कन्नौज

मौसम अपडेट: पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का असर गंगा के मैदानी भागों पर, रात का तापमान गिरने का अलर्ट

मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्र में हो रही बर्फबारी को लेकर अपडेट किया है। जिसके अनुसार इसका असर गंगा के मैदानी भागों पर भी दिखाई पड़ेगा। रात की हवा में ठंड का एहसास होगा। ‌
2 min read
Nov 06, 2025
Feature image

मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर गंगा के मैदानी भागों पर भी दिखाई पड़ेगा। कानपुर मंडल के जिलों में भी तापमान में कमी आएगी। न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। इस दौरान 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। सीएसए कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एसएन सुनील पांडे ने बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों तक आसमान बिल्कुल साफ रहेगा। दिन में तेज धूप निकलने की संभावना है। दिन का तापमान औसत तापमान के आसपास रहेगा। लेकिन रात में चलने वाली हवाओं में ठंड का एहसास होगा। उत्तर पश्चिमी हवाएं गंगा के मैदानी क्षेत्रों तक आने लगेंगी।

रात के तापमान में आएगी गिरावट

मौसम वैज्ञानिक ने बताया रात के तापमान में लगातार गिरावट आएगी। मौसम विभाग के अनुसार कन्नौज में आज रात का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री रहने का अनुमान है। यही स्थिति कल बनी रहेगी। अगले शुक्रवार तक न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट आ सकती है। इसी प्रकार का मौसम कानपुर मंडल के जिले इटावा, फर्रुखाबाद, औरैया कानपुर नगर, कानपुर देहात का भी रहने का पूर्वानुमान है। ‌

कैसा रहेगा कन्नौज का मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार कन्नौज में आज रात आसमान साफ रहेगा। न्यूनतम तापमान 14 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है। शुक्रवार 7 अगस्त का तापमान 14 से 28 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। बारिश की कोई संभावना नहीं है।

कैसा रहेगा 14 नवंबर तक का मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार 8 नवंबर शनिवार का तापमान 13 से 28 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। जबकि 9, 10 और 11 नवंबर का तापमान 13 से 27 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। 12, 13 और 14 नवंबर का तापमान 12 से 26 डिग्री के बीच रह सकता है। इस दौरान आसमान साफ रहेगा। रात में पश्चिम और उत्तर दिशा से आने वाली हवाओं का असर दिखाई पड़ेगा। हवा में ठंड का एहसास होगा।

Updated on:
06 Nov 2025 09:04 pm
Published on:
06 Nov 2025 09:04 pm