कानपुर

Kanpur News : 35 किलो राशन का नियम बदलेगा! अंत्योदय कार्डधारकों के लिए नई व्यवस्था की तैयारी

Ration News Kanpur: अंत्योदय राशन कार्डधारकों के लिए यूनिट आधारित राशन वितरण की तैयारी है। नई व्यवस्था लागू होने पर प्रति यूनिट सात किलो राशन मिलेगा, हालांकि अधिकतम 35 किलो की सीमा बरकरार रहेगी। फिलहाल शासन से अंतिम आदेश जारी नहीं हुआ है।
2 min read
• •
Updated: 29 Jun 2026, 2:02 PM IST
Kanpur News
सांकेतिक फोटो पत्रिका

Antyodaya Card Holders : अंत्योदय राशन कार्डधारकों के लिए राशन वितरण व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने की तैयारी चल रही है। प्रस्तावित नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब अंत्योदय कार्ड पर भी प्रति कार्ड के बजाय प्रति यूनिट के हिसाब से राशन दिया जाएगा। इससे कानपुर जिले के करीब 63 हजार अंत्योदय कार्डधारक परिवार प्रभावित होंगे। हालांकि, फिलहाल इस नई व्यवस्था को लागू करने का आदेश जारी नहीं हुआ है। लेकिन आदेश को लेकर बाजार में चर्चा जोर पर है।

अभी प्रति कार्ड मिलता है 35 किलो राशन

वर्तमान व्यवस्था के तहत अंत्योदय कार्डधारकों को परिवार में सदस्यों की संख्या चाहे जितनी हो, प्रति कार्ड 35 किलोग्राम राशन दिया जाता है। यदि किसी परिवार में दो या तीन सदस्य हैं, तब भी उसे 35 किलो राशन मिलता है। वहीं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट पांच किलोग्राम राशन उपलब्ध कराया जाता है।अब सरकार अंत्योदय कार्डों पर भी यूनिट आधारित वितरण की तैयारी कर रही है। प्रस्ताव के अनुसार प्रत्येक यूनिट पर सात किलोग्राम राशन दिया जाएगा।

पांच यूनिट तक मिलेगा पूरा लाभ, उससे अधिक पर नहीं बढ़ेगा राशन

नई व्यवस्था के तहत अंत्योदय कार्डधारकों को प्रति यूनिट सात किलो राशन मिलेगा। यानी जिन परिवारों में पांच यूनिट हैं, उन्हें पहले की तरह 35 किलो राशन मिलेगा। लेकिन यदि किसी कार्ड पर पांच से अधिक यूनिट दर्ज हैं तो भी उन्हें 35 किलो से अधिक राशन नहीं मिलेगा। यानी अधिकतम सीमा 35 किलो ही रहेगी।

कानपुर में इतने हैं राशन कार्ड

जिले में कुल 8,02,526 राशन कार्ड हैं। इनमें 63,148 अंत्योदय कार्ड और 7,39,378 पात्र गृहस्थी कार्ड शामिल हैं। अंत्योदय कार्डों में कुल 1,76,949 यूनिट, जबकि पात्र गृहस्थी कार्डों में 28,10,581 यूनिट दर्ज हैं। जिले में सभी राशन कार्डों की कुल यूनिट संख्या 29,87,530 है।

फिलहाल आदेश का इंतजार

जिला पूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि अंत्योदय कार्डों पर यूनिट आधारित राशन वितरण को लेकर अभी शासन स्तर से कोई आधिकारिक आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। आदेश जारी होते ही नई व्यवस्था के अनुसार राशन वितरण शुरू कराया जाएगा। तब तक अंत्योदय कार्डधारकों को पहले की तरह प्रति कार्ड 35 किलो राशन और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट पांच किलो राशन मिलता रहेगा।

Updated on:
29 Jun 2026, 2:02 PM IST
Published on: