Viral Video:फतेहपुर में पैतृक संपत्ति विवाद से परेशान एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। कांग्रेस ने वीडियो शेयर कर भाजपा सरकार पर हमला बोला और आरोप लगाया कि न्याय मांगने वाली बेटियों को पुलिस ने ही प्रताड़ित किया।
UP Congress:उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से सामने आए एक वीडियो ने प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वायरल हो रहे वीडियो में एक युवती करीब 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ी दिखाई दे रही है। इस मामले को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि "भाजपा सरकार में 'नारी शक्ति वंदन' का कड़वा सच! फतेहपुर की जिन अनाथ बेटियों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया, उनकी पैतृक संपत्ति पर अवधेश सिंह और राकेश सिंह जैसे गांव के दबंगों ने डाका डाल दिया। हैरानी की बात देखिए.. जब बेटियां गुहार लगाने पुलिस के पास गईं, तो योगी जी की पुलिस ने दबंगों की चाटुकारिता करते हुए उल्टा पीड़ित बेटियों पर ही फर्जी केस दर्ज कर दिया। थाने और तहसील के चक्कर काट-काटकर जब बेटियां थक गईं, तो व्यवस्था से हताश होकर एक बहन को 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ना पड़ा। क्या एक बेटी को अपना हक मांगने के लिए मौत के मुंह में जाना पड़ेगा? मंचों से 'नारी शक्ति वंदन' का ढोंग करने वाली सरकार के राज में बेटियां महफूज नहीं हैं। यह पूरी व्यवस्था पर एक बदनुमा दाग है। शर्मनाक!
बताया जा रहा है कि प्रशासनिक कार्रवाई से निराश होकर एक बहन मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर पर चढ़ी युवती का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में आसपास लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है, जबकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी युवती को नीचे उतारने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
इस घटना के बाद विपक्ष ने सरकार पर हमला तेज कर दिया है। कांग्रेस ने कहा कि अगर बेटियों को अपना हक मांगने के लिए जान जोखिम में डालनी पड़े, तो यह व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। पार्टी ने इसे “शर्मनाक” बताते हुए कहा कि मंचों से महिला सुरक्षा और सम्मान की बातें करने वाली सरकार के राज में बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
घटना के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई यूजर्स ने प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठाए, जबकि कुछ लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
वही पुलिस ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए जानकारी दी है कि थाना औंग क्षेत्र निवासी युवती व उसके चचेरे भाई के मध्य भूमि संबंधी विवाद चल रहा है। जो कि मा० न्यायालय में विचाराधीन है तथा मा० न्यायालय द्वारा युवती एवं उसकी बहनों के विरुद्ध नोटिस जारी की गई है। जिसका विरोध करते हुए उक्त युवती जनपद कानपुर नगर के थाना महाराजपुर थाना क्षेत्र में टावर पर चढ़ने की सूचना पर थाना महाराजपुर, कानपुर नगर पुलिस द्वारा युवती को सकुशल नीचे उतार लिया गया है। प्रकरण वर्ष 2021 से भूमि संबंधी विवाद से संबंधित है, जो माननीय न्यायालय में विचाराधीन है। युवती को नियमानुसार सक्षम अधिकारी/न्यायालय के समक्ष अपनी बात रखने हेतु अवगत कराया गया है। वर्तमान में कानून एवं शांति व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।