21 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News:योगी बाबा बचा लो, टावर पर चढ़ी युवती, तीन घंटे तक चलता रहा हाईवोल्टेज ड्रामा

Kanpur Tower Drama:कानपुर के महाराजपुर में जमीन विवाद से परेशान 23 वर्षीय युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती ने दबंगों पर जमीन कब्जाने और फर्जी मुकदमे लगाने का आरोप लगाया। टावर से लाइव वीडियो बनाकर उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई।

2 min read
Google source verification
Kanpur News, Maharajpur News, Mobile Tower Drama

टावर पर चढ़कर न्याय की गुहार लगाती युवती

कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार उस समय हड़कंप मच गया, जब जमीन विवाद से परेशान एक 23 वर्षीय युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब तीन घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान युवती टावर की ऊंचाई से लगातार न्याय की गुहार लगाती रही। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

जमीन कब्जाने और फर्जी मुकदमे का लगाया आरोप

फतेहपुर जनपद के मिराई गांव निवासी रानी का आरोप है कि गांव के कुछ दबंगों ने उसकी पुश्तैनी जमीन पर कब्जा कर लिया है। युवती का कहना है कि विरोध करने पर उसके परिवार पर फर्जी मुकदमे दर्ज करा दिए गए। आर्थिक तंगी के चलते वह मुकदमों की पैरवी भी नहीं कर पा रही है। रानी गुरुवार सुबह करीब साढ़े छह बजे पुरवामीर इलाके में स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर पर चढ़ते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

टावर पर खड़े होकर किया लाइव वीडियो

घटना के दौरान युवती ने टावर की ऊंचाई पर खड़े होकर सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो भी बनाया। सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स रखने वाली युवती वीडियो में बेहद भावुक नजर आई। उसने सीधे मुख्यमंत्री Yogi Adityanath से मदद की अपील की। वीडियो में युवती रोते हुए कह रही थी कि, “शायद आप लोग मेरा चेहरा आखिरी बार देख रहे हैं। मेरी जमीन पर कब्जा कर लिया गया है। हम पर फर्जी मुकदमे लगाए गए हैं। मेरा वीडियो योगी बाबा तक पहुंचाओ और मुझे न्याय दिलाओ।”युवती का वीडियो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही एसीपी चकेरी अभिषेक कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया। पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने लगातार युवती को समझाने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद युवती आखिरकार टावर से नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

पुलिस कर रही मामले की जांच

थाना प्रभारी का कहना है कि महाराजपुर क्षेत्रांतर्गत एक युवती द्वारा जमीन संबंधी विवाद के चलते टावर पर चढ़ने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पुलिस, अग्निशमन टीम एवं संबंधित जनपद फतेहपुर पुलिस द्वारा युवती को समझा-बुझाकर सकुशल नीचे उतारा गया। युवती को परिजनों की सुपुर्दगी में थाना औंग पुलिस के साथ सकुशल रवाना किया गया। मौके पर शांति व्यवस्था कायम रही।