
सांकेतिक फोटो- पत्रिका
कानपुर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। कल्याणपुर क्षेत्र में रहने वाले युवक के बैंक खाते से साइबर ठगों ने यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए 99 हजार रुपये पार कर दिए। खास बात यह रही कि पीड़ित ने न तो किसी को ओटीपी बताया और न ही किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया। घटना के बाद युवक ने साइबर सेल और पुलिस से शिकायत की, जिस पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
आवास विकास नंबर-3, पनकी रोड कल्याणपुर निवासी राहुल विश्वकर्मा ने बताया कि उनका बचत खाता बैंक ऑफ बड़ौदा की सराय मसवान शाखा में है। राहुल के मुताबिक 13 मई 2026 की शाम अचानक उनके खाते से दो यूपीआई ट्रांजेक्शन हुए। पहली ट्रांजेक्शन के जरिए 70 हजार रुपये और दूसरी ट्रांजेक्शन में 29 हजार रुपये निकाल लिए गए। इस तरह कुल 99 हजार रुपये खाते से पार हो गए। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद उन्हें खाते से रकम निकलने की जानकारी हुई। खाते से रकम कटने के बाद उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत बैंक और साइबर हेल्पलाइन से संपर्क किया।
राहुल विश्वकर्मा का कहना है कि उन्होंने किसी भी व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंकिंग से जुड़ी कोई गोपनीय जानकारी साझा नहीं की। उन्होंने किसी अंजान लिंक पर क्लिक भी नहीं किया था। इसके बावजूद खाते से रुपये निकल जाना उन्हें समझ नहीं आ रहा है।पीड़ित ने आशंका जताई है कि साइबर ठगों ने किसी तकनीकी तरीके से उनके खाते तक पहुंच बनाई होगी। घटना के बाद उन्होंने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
मामले में कल्याणपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से ट्रांजेक्शन डिटेल और संबंधित यूपीआई आईडी की जांच कर रही है। खाते से रकम किन खातों में भेजी गई और ट्रांजेक्शन किस डिवाइस से किए गए, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
थाना प्रभारी कल्याणपुर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। साइबर सेल की सहायता से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते और यूपीआई संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें और किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक से सावधान रहें।
Updated on:
20 May 2026 04:47 pm
Published on:
20 May 2026 04:47 pm
