
सांकेतिक फोटो
कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में हुए सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। जहानाबाद रोड पर परास मोड़ के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक वाहन में फंसकर काफी दूर तक घिसटती चली गई। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर घाटमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों युवकों की पहचान फतेहपुर जिले के कलाना गांव निवासी सुमित और हिमांशु सोनकर के रूप में की। दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों के मुताबिक 24 वर्षीय सुमित मंगलवार रात अपनी बहन प्रियंका को दिल्ली जाने वाली ट्रेन पकड़वाने कानपुर रेलवे स्टेशन गया था। बहन को स्टेशन छोड़ने के बाद वह अपने साथी हिमांशु सोनकर के साथ बाइक से गांव लौट रहा था। देर रात जब दोनों घाटमपुर थाना क्षेत्र के परास मोड़ के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद बाइक वाहन में फंस गई और काफी दूर तक घिसटती चली गई। दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और वाहन उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद फरार वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि वाहन की पहचान की जा सके।
थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने बताया कि दोनों युवक अविवाहित थे। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
Published on:
20 May 2026 12:24 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
