20 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट के नाम पर 7 करोड़ का खेल! Kanpur के कारोबारी ने खोला ‘फर्जी कंपनी’ और दुबई कनेक्शन का राज

Import Export Fraud:कानपुर में इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट कारोबार के नाम पर 7 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कारोबारी ने साझेदारों पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए लोन लेकर कंपनी की रकम हड़पने, प्लॉट गिरवी रखवाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

2 min read
Google source verification
Kanpur Fraud Case, Import Export Scam

सांकेतिक फोटो

कानपुर में इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट कारोबार के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कल्याणपुर निवासी कारोबारी अजय सिंह चौहान ने चार लोगों पर मिलकर फर्जी दस्तावेजों और बैंक लोन के जरिए करोड़ों रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने पहले साझेदारी का झांसा दिया, फिर कंपनी के खाते से धीरे-धीरे पूरी रकम निकाल ली। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अजय सिंह चौहान के मुताबिक उनकी कंपनी AFFINITY FIRST DEVELOPERS PVT. LTD. का कार्यालय स्वरूप नगर में स्थित है। कंपनी में वह, प्रगति द्विवेदी और अनुपम चौहान निदेशक हैं। कारोबारी जरूरतों के लिए उनकी कंपनी ने कल्याणपुर के मिर्जापुर क्षेत्र में करीब 600 गज का प्लॉट खरीदा था, जिसकी कीमत लगभग 4.5 करोड़ रुपये बताई गई है।

7 करोड़ का लोन लेने के लिए गिरवी रखा 4.5 करोड़ का प्लॉट

पीड़ित के अनुसार कुछ समय पहले राजीव त्रिपाठी और रवि त्रिपाठी ने उनसे संपर्क किया और इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट कारोबार में साझेदारी का प्रस्ताव रखा। आरोप है कि दोनों ने बड़े मुनाफे का भरोसा दिलाकर 4 अगस्त 2023 को “राज वंदनम इंटरनेशनल एलएलपी” नाम से कंपनी बनवाई। इस कंपनी में राजीव त्रिपाठी की पत्नी वंदना त्रिपाठी, अजय सिंह चौहान और उनकी पत्नी को डायरेक्टर बनाया गया।

इसके बाद कारोबार संचालन के लिए बिरहाना रोड स्थित एसबीआई शाखा से करीब सात करोड़ रुपये का लोन लिया गया। आरोप है कि लोन के लिए अजय चौहान ने अपनी कंपनी का 4.5 करोड़ रुपये कीमत वाला प्लॉट बैंक में गिरवी रख दिया। इसके बाद इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट कारोबार शुरू किया गया।

दुबई कंपनी के जरिए फर्जी दस्तावेज बनाने का आरोप

अजय चौहान का आरोप है कि रवि त्रिपाठी दुबई में MTS FOODSTUFF LLC नाम की कंपनी चलाता है। इसी कंपनी के जरिए फर्जी पीआई तैयार कर राज वंदनम इंटरनेशनल एलएलपी को भेजी गईं। आरोप है कि राजीव त्रिपाठी, रवि त्रिपाठी और वंदना त्रिपाठी ने मिलकर कंपनी के खाते से धीरे-धीरे पूरी रकम निकाल ली और उसे अपने व रिश्तेदारों की कंपनियों Abhuday Enterprises और Intuitive Business Solutions समेत अन्य खातों में ट्रांसफर कर दिया।

पीड़ित का यह भी आरोप है कि बिना जानकारी दिए कंपनी के बैंक खाते की साइनिंग अथॉरिटी फर्जी तरीके से सिर्फ वंदना त्रिपाठी के नाम कर दी गई। इसके बाद खाते से लगातार रकम निकाली जाती रही। वहीं बैंक के लोन और ब्याज की अदायगी भी नहीं की गई।

पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी का आरोप

अजय चौहान ने बताया कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी भी दी गई।

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर कल्याणपुर थाने में राजीव त्रिपाठी, रवि त्रिपाठी, वंदना त्रिपाठी और प्रशांत द्विवेदी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी कल्याणपुर ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।