
सड़क हादसे में घायल बच्चे से बातचीत करते कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान
कानपुर देहात में कानपुर-झांसी हाईवे पर मावर गांव के पास उस समय हड़कंप मच गया जब विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने ग्रीन वैली स्कूल की मिनी बस को जोरदार टक्कर मार दी। बस में करीब 40 बच्चे सवार थे, जो सामान्य दिन की तरह स्कूल गतिविधि के लिए निकले थे, लेकिन पल भर में पूरा माहौल दहशत में बदल गया। वही कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान उसी मार्ग से झांसी की ओर जा रहे थे। दुर्घटना देखते ही उन्होंने तुरंत अपना काफिला रुकवाया और मौके पर पहुंचकर घायल बच्चों से बातचीत करते हुए अस्पताल भिजवाया।
हादसे के समय बस में मौजूद बच्चों में अचानक जोरदार झटका लगते ही चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई बच्चे सीट से गिर पड़े और बस के अंदर अफरा-तफरी फैल गई। इस दुर्घटना में हाजीपुर निवासी छात्र सोमिल, रोहित और रोहन घायल हो गए, जबकि अन्य बच्चों को हल्की चोटें आई है। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्चों को बाहर निकालने में मदद की और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में राहत दल मौके पर पहुंच गया और घायलों को नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
हादसे के समय कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान उसी मार्ग से झांसी की ओर जा रहे थे। दुर्घटना देखते ही उन्होंने तुरंत अपना काफिला रुकवाया और मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।मंत्री ने बिना देर किए एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायल बच्चों को अस्पताल भिजवाने में मदद की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि राहत कार्य में किसी भी तरह की देरी न हो और सभी घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए। मंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच के आदेश भी दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक विपरीत दिशा से तेज गति में आ रहा था, जिससे यह दर्दनाक टक्कर हुई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों का कहना है कि हाईवे पर भारी वाहनों की लापरवाही और गलत दिशा में चलने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सख्त कार्रवाई नहीं हो रही। लोगों ने प्रशासन से यातायात नियमों को कड़ाई से लागू करने और स्कूल वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
Updated on:
20 May 2026 07:39 pm
Published on:
20 May 2026 07:36 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
