
Kanpur Crime News: कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में सिगरेट के पैसे मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। अंडे का ठेला लगाने वाली एक महिला ने पड़ोस के युवक पर मारपीट, दुपट्टा खींचने, चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने और ठेले का सामान क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बारासिरोही निवासी पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह दुर्गा हॉस्पिटल के पास अंडे का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। पीड़िता के अनुसार, 5 जुलाई को पड़ोस का एक युवक ठेले पर पहुंचा और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए सिगरेट की डिब्बी मांगी। महिला का आरोप है कि जब उससे सिगरेट के पैसे मांगे गए तो युवक नाराज हो गया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने मारपीट शुरू कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पीड़िता का आरोप है कि युवक ने उसके सीने पर हाथ मारा, दुपट्टा खींच लिया और धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद पेट में लात मारकर घायल कर दिया। महिला का कहना है कि शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे तो आरोपी ने चाकू निकाल लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।
महिला के मुताबिक, घटना के कुछ देर बाद जब उसका पति और बेटा ठेले पर पहुंचे तो आरोपी ने छत से पत्थर फेंके। इससे ठेले पर रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़िता ने पूरे मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। इधर, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच कर रही है। वायरल वीडियो समेत सभी उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।