कानपुर

Kanpur News: डग कैचिंग टीम पर हमला: छह नामजद समेत 13 पर मुकदमा दर्ज, आरोपियों की तलाश तेज

Dog Catching Team Attack:पनकी में आवारा कुत्तों को पकड़ने गई नगर निगम की टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। मारपीट में कई कर्मचारी घायल हुए और वाहन क्षतिग्रस्त हुआ। पुलिस ने छह नामजद समेत 13 आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की।
2 min read
Apr 16, 2026
Feature image

कानपुर। पनकी क्षेत्र में आवारा कुत्तों को पकड़ने गई नगर निगम की डग कैचिंग टीम पर बुधवार रात स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। विरोध कर रहे लोगों ने टीम के कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और मारपीट कर दी। हमले में कई कर्मचारी घायल हो गए, जबकि सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के बाद गुरुवार को पुलिस ने छह नामजद समेत कुल 13 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

नगर निगम की डग कैचिंग टीम के कर्मचारी समीर वाल्मीकि ने बताया कि अधिकारियों के निर्देश पर आईजीआरएस शिकायत के आधार पर टीम गंगागंज, पनकी क्षेत्र में आवारा कुत्तों को पकड़ने पहुंची थी। इस दौरान टीम ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई शुरू की। समीर के अनुसार टीम में विकास सोनवानी, विकास झा, सत्येंद्र यादव और गौरव भी शामिल थे। सभी कर्मचारी मिलकर क्षेत्र में बढ़ती शिकायतों के समाधान के लिए अभियान चला रहे थे, ताकि लोगों को आवारा कुत्तों से होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।

समीर के अनुसार, जैसे ही टीम ने कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की, कुछ स्थानीय लोग विरोध करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और जानू, राहुल, वंदना, वंदना के पति राहुल, उपाध्याय और रवि नारायण समेत करीब 13 लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इन लोगों ने टीम के कर्मचारियों के साथ मारपीट की और सरकारी वाहन का शीशा तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही तत्काल डायल 112 पर कॉल किया गया। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज शुरू कराया गया। साथ ही पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई और आरोपियों की तलाश के लिए दबिश देना शुरू कर दिया। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

पनकी इंस्पेक्टर मनोज भदौरिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर छह नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Updated on:
16 Apr 2026 09:42 pm
Published on:
16 Apr 2026 09:42 pm